डीसी ने झज्जर लघु सचिवालय परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का किया त्रैमासिक निरीक्षण
झज्जर, 30 जून।
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने मंगलवार को जिला के ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई तथा अग्निशमन प्रबंधों का गहन निरीक्षण किया गया।
डीसी ने कहा कि ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। ऐसे में सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखें तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान डीसी वर्षा खांगवाल ने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरे की कार्यप्रणाली का जायजा लिया तथा सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने वेयरहाउस में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों की स्थिति और उनकी वैधता की जांच करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी उपकरण समय-समय पर अपडेट किए जाएं तथा उनकी नियमित जांच सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी आपात स्थिति में उनका प्रभावी ढंग से उपयोग किया जा सके।
डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेयरहाउस परिसर में नियमित रूप से साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए, सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर निर्वाचन उप तहसीलदार कुलदीप सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।