डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने वोटर से गणना प्रपत्र भरकर जमा कराने का आह्वान
झज्जर, 22 जुलाई।
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 अभियान के चलते शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा से पहले पूरा करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान एक भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए और शेष सभी गणना प्रपत्रों का संग्रहण, डिजिटाइजेशन तथा सत्यापन समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।
डीसी ने जिला में चल रहे एसआईआर अभियान की समीक्षा करते हुए निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों (एईआरओ) तथा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिए कि 24 जुलाई की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आज ही शेष सभी पात्र मतदाताओं तक पहुंचकर गणना प्रपत्र प्राप्त किए जाएं और उनका तत्काल डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए।
गणना प्रपत्र जमा कराने वाले प्रत्येक मतदाता का हो भौतिक सत्यापन
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि ऑनलाइन माध्यम से गणना प्रपत्र जमा करने वाले प्रत्येक मतदाता का निर्धारित समय सीमा के भीतर भौतिक सत्यापन किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए सभी प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। उन्होंने सभी प्रमुख (वीआईपी) मतदाताओं के गणना प्रपत्रों का दोबारा मिलान करने के भी निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी स्वयं इसकी समीक्षा करें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति सामने आती है तो उसे तत्काल दूर किया जाए।
आगामी 31 जुलाई से 30 अगस्त तक की अवधि में दाख़िल होंगे दावे व आपत्तियां
डीसी ने 31 जुलाई से 30 अगस्त तक चलने वाले दावा एवं आपत्ति चरण की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अतिरिक्त निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों (एईआरओ) को दो चरणों में व्यापक प्रशिक्षण दिया जाए, जिसमें ऑनलाइन प्रणाली के संचालन के साथ-साथ निर्वाचन संबंधी कानूनी प्रक्रियाओं की भी विस्तृत जानकारी दी जाए।
उन्होंने प्रत्येक एईआरओ के लिए मतदान केंद्रों का स्पष्ट आवंटन करने तथा उनके कार्यक्षेत्र की जानकारी जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर तक व्यापक रूप से प्रचारित करने के निर्देश भी दिए, ताकि दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने वाले मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद नियमानुसार मुद्रण जरूरी
डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि 31 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद उसका नियमानुसार मुद्रण कराया जाए तथा प्रतियां सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों, निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी कार्यालयों और संबंधित बीएलओ को समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के सभी शेष कार्य पूरी पारदर्शिता, गंभीरता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके।