{"vars":{"id": "128336:4984"}}

  डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने किया शेष बचे मतदाताओं से आह्वान

 


झज्जर, 20 जुलाई।
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से झज्जर जिला के सभी पात्र मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत अपने गणना प्रपत्र बिना किसी देरी के भरकर संबंधित बीएलओ को सौंपने अथवा ऑनलाइन माध्यम से जमा करने की अपील की जा रही है। एसआईआर के अंतर्गत स्वीप के माध्यम से जागरूकता गतिविधियों का भी निरन्तर आयोजन करते हुए मतदाता को प्रेरित किया जा रहा है।
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने कहा कि एस आई आर प्रक्रिया में गणना पत्र जमा कराने व डिजिटाइजेशन की अंतिम तिथि 24 जुलाई का इंतजार करने के बजाय समय रहते प्रक्रिया पूरी करना प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी है।

आज ही गणना प्रपत्र जमा होने से पुनरीक्षण कार्य होगा तेज
डीसी ने सभी बीएलओ को कहा कि प्राप्त होने वाले सभी गणना प्रपत्रों का तत्काल डिजिटाइजेशन कराया जाए, जिससे मतदाता सूची का पुनरीक्षण निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है, इसलिए प्रत्येक पात्र मतदाता का सहयोग जरूरी है।

घर बैठे ऑनलाइन भी उपलब्ध है सुविधा
जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने बताया कि झज्जर जिला के बेरी, बहादुरगढ़, बादली और झज्जर विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से स्वयं भी ऑनलाइन गणना प्रपत्र भर सकते हैं। इससे समय की बचत होगी और डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया भी अधिक तेज और सरल होगी।

अधिकारियों को दिए त्वरित डिजिटाइजेशन के निर्देश
डीसी ने सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिए कि प्राप्त होने वाले प्रत्येक गणना प्रपत्र का तुरंत डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए। जिन मतदाताओं के प्रपत्र प्राप्त नहीं हो रहे हैं, उनके संबंध में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक टिप्पणी दर्ज की जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पूरी हो सके। उन्होंने पुनः अपील करते हुए कहा कि जिन मतदाताओं ने अभी तक गणना प्रपत्र जमा नहीं कराया है, वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना तुरंत प्रपत्र भरकर जमा करें और मतदाता सूची के शुद्धीकरण अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

शिक्षण संस्थान में आयोजित हो रही जागरूकता गतिविधि
झज्जर जिला में मतदाताओं को एसआईआर प्रक्रिया में सहभागी बनाने के लिए शिक्षण संस्थानों में जागरूकता गतिविधियों का आयोजन हो रहा है। स्वीप के जिला नोडल अधिकारी एवं एडीसी जगनिवास ने बताया कि विद्यार्थियों के माध्यम से अभिभावकों तक एसआईआर का संदेश पहुंचाया जा रहा है। वाल पेंटिंग, शपथ कार्यक्रम का आयोजन करते हुए लोगों को विशेष गहन पुनरीक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।