{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Crime : हरियाणा में युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या, पांच बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम; जानें वजह  

 
Crime : हरियाणा के पानीपत से एक बड़ी खबर सामने आई है। जिले के नैन गांव में मामा के घर आए कैथल निवासी युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। युवक की हत्या का आरोप गांव नैन व परढाना के 5 युवकों पर लगा है, जिन्होंने कुछ दिन पहले लड़की को लेकर हुए विवाद में इस वारदात को अंजाम दिया।

जानें मामला 

मिली जानकारी के अनुसार मृतक सोनू उर्फ मोनू मूल रूप से कैथल जिले के खनौती गांव का रहने वाला था, जो बीते कुछ समय से अपने मामा कृष्णलाल के घर नैन गांव में रह रहा था। वह यहां शराब ठेके पर काम करता था। बताया जा रहा है कि सोमवार को आरोपी पक्ष के दो युवक किसी गांव की लड़की को ले जा रहे थे। इस दौरान मोनू के दोस्त के साथ उनकी कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि देर शाम दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पुरानी रंजिश के चलते हमलावरों ने मोनू को निशाना बनाया और परढ़ाना रोड पर घेरकर उस पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल मोनू वहीं ढेर हो गया।

आरोपियों में दो सगे भाई

पुलिस को दी शिकायत में मृतक के ममेरे भाई ने पांच युवकों के नाम दर्ज कराए हैं। इनमें गांव नैन के मोहित, आशीष और अश्वनी के अलावा परढ़ाना गांव के दो सगे भाई जोनी और रोहित शामिल हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पांचों ने मिलकर सुनियोजित तरीके से हमला किया और मौके से फरार हो गए।

मृतक शराब ठेके पर करता था काम

पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार जांच में यह भी पता चला है कि मृतक सोनू स्थानीय शराब ठेके पर काम करता था। परिवार वालों के अनुसार वह परिवार की आर्थिक मदद के लिए काफी समय से यही काम कर रहा था। फिलहाल वह अपने मामा कृष्ण लाल के घर रह रहा था। मतलौडा थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि उन्हें सबसे पहले इसराना स्थित एनसी कॉलेज से सूचना मिली। 

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पानीपत सिविल अस्पताल भेज दिया। वहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने दावा किया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।