{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Crime News: फरार बदमाशों को पकड़ने के लिए SHO बने रिक्शा चालक, एक पुलिस वाले ने बेचा गन्ने का रस, फिर ऐसे हुई गिरफ्तारी

 
Crime News मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में पुलिस ने हथियार तस्करों को पकड़ने के लिए एक अनोखा तरीका अपनाया। जिसकी हर जगह तारीफ हो रही है। दरअसल, यह मामला थाना जैतापुर का है। यहां के प्रभारी और उनकी टीम ने पंजाब के जालंधर में करीब एक हफ्ते तक भेष बदलकर निगरानी की और दो तस्करों को अरेस्ट कर लिया है। इस दौरान एक पुलिसकर्मी रिक्शा चालक बना तो दूसरा गन्ने का रस बेचता हुआ नजर आया। जानकारी के मुताबिक, 30 मई को खरगोन पुलिस ने दो हथियार तस्कर वीरपाल सिंह और जगविंदर सिंह को अवैध देसी पिस्टल और जिंदा कारतूसों के साथ अरेस्ट किया था। लेकिन उसी रात दोनों आरोपी थाना जैतापुर से मौका पाकर फरार हो गए थे। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए SP ने SIT का गठन किया था और आरोपियों को पकड़ने के लिए निर्देश दिए थे। खबरों की मानें, तो पुलिस जांच में पता चला कि दोनों आरोपी आगरा-मुंबई हाईवे से होते हुए पंजाब पासिंग ट्रक में बैठकर फरार हो गए थे। इसके बाद पुलिस की टीम पंजाब के जालंधर पहुंची। एक टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर आरोपियों की तलाश शुरू की, जबकि दूसरी टीम ने भेष बदलकर आरोपियों की रेकी करना शुरू कर दिया। इस दौरान थाना प्रभारी ने खुद रिक्शा चलाकर इलाके में घूमे। जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी ने आरोपियों की निगरानी करने के लिए गन्ने का जूस बेचा। पत्नी को अस्पताल ले जाते वक्त पकड़ा आरोपी बताया जा रहा है कि इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी जगविंदर सिंह की पत्नी प्रेग्नेंट है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने अस्पताल और उसके आसपास के मार्गों पर अपनी जांच बढ़ा दी। जैसे ही जगविंदर अपनी पत्नी को लेकर स्टेशन रोड से निकला तो टीम ने घेराबंदी कर ली और उसे तुरंत अरेस्ट कर लिया। आरोपी ने पूछताछ के आधार पर आरोपी वीरपाल सिंह को भी पकड़ लिया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों को जालंधर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से ट्रांजिट रिमांड पर उन्हें मध्यप्रदेश ले जाया गया।