नगर परिषद चेयरमैन के नेतृत्व में पार्षदों ने डीसी व डीएमसी से की मुलाकात, शहर के विकास कार्यों को सुचारू रखने की मांग
सिरसा । नगर परिषद चेयरमैन शांति स्वरूप भट्टी के नेतृत्व में नगर पार्षदों एवं उनके प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त शांतनु शर्मा तथा डीएमसी सुरेंद्र बेनीवाल से मुलाकात कर शहर के विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त एवं डीएमसी को एक लिखित पत्र सौंपकर अवगत करवाया कि मुख्यमंत्री हरियाणा के हालिया सिरसा दौरे के दौरान कुछ पार्षदों द्वारा दर्ज कराई गई आपत्तियों के कारण नगर परिषद के कई विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में बाधा आने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा शहर के विकास की गति भी प्रभावित हो रही है। प्रतिनिधिमंडल की ओर से स्पष्ट किया गया कि नगर परिषद द्वारा चेयरमैन शांति स्वरूप भट्टी के नेतृत्व में शहर के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इस संबंध में पार्षदों ने एक लिखित पत्र के माध्यम से भी प्रशासन को अवगत करवाया कि उनके वार्डों में विकास कार्य निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए करवाए जा रहे हैं।
चेयरमैन शांति स्वरूप भट्टी ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य करवाना तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि जिन कार्यों को लेकर आपत्तियां दर्ज करवाई गई हैं, उनकी नियमानुसार जांच की जाए, लेकिन अन्य विकास कार्यों को बाधित न किया जाए ताकि शहरवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में उपस्थित पार्षदों एवं प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि वे शहर के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं तथा विकास कार्यों को किसी भी परिस्थिति में रुकने नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को सुचारू रूप से जारी रखा जाए। इस प्रतिनिधिमंडल में संजीव रंगा (प्रतिनिधि), चंचल पार्षद, सनप्रीत सोढ़ी पार्षद, जसपाल सिंह पार्षद, हेमकांत शर्मा पार्षद, योगेश सिंगला (प्रतिनिधि), राजन शर्मा पार्षद, सुनील पार्षद, राजीव सैनी पार्षद प्रतिनिधि, बलविंदर सिंह पार्षद, सतीश राणा पार्षद प्रतिनिधि, सुरेश पंवार (मनोनीत पार्षद), अंग्रेज बठला पार्षद , रितेश सरदाना पार्षद प्रतिनिधि , जोगिंदर सिंह पार्षद ,गोपीराम सैनी पार्षद सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कुल 16 पार्षदों का समर्थन इस विषय पर उनके साथ है। कुछ पार्षद व्यक्तिगत कारणों से बैठक में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने भी अपना समर्थन देते हुए कहा कि वे शहर के विकास एवं जनहित के मुद्दे पर चेयरमैन शांति स्वरूप भट्टी के साथ हैं। उपायुक्त शांतनु शर्मा एवं डीएमसी सुरेंद्र बेनीवाल ने प्रतिनिधिमंडल की बात को गंभीरता से सुना तथा आश्वस्त किया कि जनहित एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।