एसआईआर-2026 अभियान में सहयोग करें, अंतिम समय का इंतजार न करें और जल्द से जल्द जमा करवाएं एन्यूमरेशन फार्म :-उपायुक्त सचिन गुप्ता
रोहतक, 11 जुलाई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार हरियाणा में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के अंतर्गत उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता ने जिला के सभी मतदाताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे अंतिम समय का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपने एन्यूमरेशन फार्म भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत निर्धारित समय-सीमा पूरी होने में अब केवल 3 दिन शेष हैं, इसलिए सभी मतदाता इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करें।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला में एन्यूमरेशन फार्म के कलेक्शन एवं डिजिटाइजेशन का कार्य तेजी से किया जा रहा है। प्रशासन चाहता है कि अधिक से अधिक मतदाता अगले दो दिनों के भीतर अपने फार्म जमा कर दें, ताकि समय रहते उनका डिजिटाइजेशन भी पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि अंतिम दिन भी फार्म जमा किए जा सकते हैं, लेकिन समय पर फार्म जमा करने से प्रक्रिया अधिक सुचारू एवं व्यवस्थित तरीके से पूरी की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता को एन्यूमरेशन फार्म भरने, दस्तावेजों से संबंधित जानकारी प्राप्त करने अथवा अन्य किसी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ रहा है तो वे अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन द्वारा स्थापित कंट्रोल रूम के माध्यम से भी नागरिकों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि किसी भी पात्र मतदाता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता ने जिला के सभी राजनीतिक दलों के बीएलए-1 एवं बीएलए-2 से भी अपील की है कि वे निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहयोग दें और जिन मतदाताओं के एन्यूमरेशन फॉर्म अभी तक जमा नहीं हो पाए हैं, उन्हें फार्म भरवाने एवं जमा करवाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में सभी राजनीतिक दलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश देते हुए कहा कि आगामी दिनों में घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे। प्रत्येक मतदाता तक पहुंचकर उसका एन्यूमरेशन फार्म भरवाना और समय पर डिजिटाइजेशन करना अभियान की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण ही इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि पात्र मतदाताओं को फार्म भरने में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। आवश्यकता पड़ने पर ऑनलाइन आवेदन, वर्ष 2002 की मतदाता सूची में नाम का सत्यापन तथा अन्य तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी पात्र नागरिक को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि एसआईआर-2026 अभियान केवल मतदाता सूची के पुनरीक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान को सफल बनाने में जिला प्रशासन का सहयोग करें और समय रहते अपने एन्यूमरेशन फार्म जमा करवाकर लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।