पोस्ट ड्राफ्ट चरण को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराना प्रशासन की प्राथमिकता : डीसी
झज्जर, 28 जुलाई
भारत निर्वाचन आयोग के तहत झज्जर जिला में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय भूमिका अदा कर रहा है। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने एसआईआर प्रक्रिया के सुचारू पूर्ण कराने के दृष्टिगत सम्बन्धित निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। लघु सचिवालय सभागार में आयोजित बैठक व वीडियो कांफ्रेस से डीसी ने चल रही प्रक्रिया की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती खांगवाल ने बताया कि पोस्ट ड्राफ्ट चरण के अंतर्गत मंगलवार को झज्जर और बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य नोटिस निस्तारण एवं सुनवाई प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन पंजीयन अधिकारी, अतिरिक्त सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (एएईआरओ), बीएलओ सुपरवाइजर तथा बीएलओ को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने संबंधी विस्तृत जानकारी दी जा रही है। उन्हें नोटिस जारी करने, सुनवाई की प्रक्रिया, दस्तावेजों के सत्यापन, ऑनलाइन मॉड्यूल के उपयोग तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया।
डीसी ने बताया कि यह महत्वपूर्ण चरण है,इसे समय पर पूरा कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पोस्ट ड्राफ्ट चरण में प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण और आवश्यक सुनवाई अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण में विभिन्न प्रकार के प्रकरणों के व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक जानकारी दी गई, ताकि प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अपने निर्धारित प्रशिक्षण सत्र में समय से उपस्थित होकर अनिवार्य रूप से भाग लें।
प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी निर्वाचन संबंधी कार्यों के लिए प्रभावी
एसडीएम एवं निर्वाचन पंजीयन अधिकारी झज्जर रवि मीणा ने बताया कि संवाद भवन में मंगलवार को 66-झज्जर विधानसभा क्षेत्र के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रथम सत्र में पोलिंग स्टेशन संख्या 1 से 100 तथा द्वितीय सत्र में 101 से 190 तक के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से प्राप्त जानकारी निर्वाचन संबंधी कार्यों के प्रभावी संचालन में सहायक सिद्ध होगी तथा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के पोस्ट ड्राफ्ट चरण को सफलतापूर्वक, पारदर्शी एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
आईटीडीआर भवन, बहादुरगढ़ में दो सत्रों में दिया गया प्रशिक्षण
एसडीएम अभिनव सिवाच ने बताया कि मंगलवार को 64-बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए आईटीडीआर भवन, बालौर रोड, बहादुरगढ़ में दो सत्रों में प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रथम सत्र में पोलिंग स्टेशन संख्या 1 से 140 तथा द्वितीय सत्र में 141 से 233 तक के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया।
बुधवार को बादली विधानसभा क्षेत्र का प्रशिक्षण
बादली के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम विशाल कुमार ने बताया कि 65-बादली विधानसभा क्षेत्र के लिए प्रशिक्षण 29 जुलाई को संवाद भवन, झज्जर में आयोजित किया जाएगा। प्रथम सत्र सुबह 10:30 बजे से 12:00 बजे तक पोलिंग स्टेशन संख्या 1 से 100 तथा द्वितीय सत्र दोपहर 1:00 बजे से 2:30 बजे तक पोलिंग स्टेशन संख्या 101 से 198 तक के बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं एएईआरओ को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
30 जुलाई को होगा बेरी विधानसभा क्षेत्र का प्रशिक्षण
बेरी की एसडीएम रेणुका नांदल ने बताया कि 67-बेरी विधानसभा क्षेत्र का प्रशिक्षण 30 जुलाई को संवाद भवन, झज्जर में आयोजित किया जाएगा। प्रथम सत्र में पोलिंग स्टेशन संख्या 1 से 90 तथा द्वितीय सत्र में 91 से 186 तक के बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं एएईआरओ प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, उप निर्वाचन अधिकारी एवं सीटीएम रितु, सहित वर्च्युअल मोड़ से सभी एसडीएम मौजूद रहे।