पारदर्शिता व समयबद्धता से पूरा करें मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य : एडीसी
भिवानी, 8 जुलाई। एडीसी एवं बवानीखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी दीपक बाबूलाल करवा की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बवानी खेड़ा विधानसभा क्षेत्र के सुपरवाइजरों एवं बीएलओ की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए एडीसी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता, जिम्मेदारी और समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
एडीसी ने कहा कि सभी सुपरवाइजर नियमित रूप से बीएलओ के रजिस्टरों का निरीक्षण करें तथा प्रत्येक मतदाता का विवरण सही तरीके से दर्ज होना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि बीएलओ अपने-अपने क्षेत्र के बीएलए के साथ बैठक आयोजित करें तथा प्राप्त सभी प्रपत्रों को डिजिटल माध्यम से भरना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची का कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा।
उन्होंने सभी सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि घर-घर से प्राप्त प्रपत्रों को समय पर एकत्रित कर उनका शीघ्र डिजिटलीकरण करवाना सुनिश्चित करें। प्रत्येक सुपरवाइजर यह भी प्रमाणित करेगा कि उसके क्षेत्र में बीएलओ एवं बीएलए की बैठक आयोजित हो चुकी है। बैठक की कार्यवाही पर सभी संबंधितों के हस्ताक्षर करवाने के साथ-साथ बैठक की फोटो भी निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए।
एडीसी ने अधिकारियों को अधिक से अधिक समय फील्ड में रहकर कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी स्तर पर जिम्मेदारी तय होती है तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैठक में बवानीखेड़ा नायब तहसीलदार सुरेश कुमार, सहित निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।