CM सैनी का बड़ा ऐलान: सड़कें होंगी 18 फीट चौड़ी, हर घर तक पहुंचेगी सौर ऊर्जा
बाईपास परियोजनाओं की समीक्षा
यातायात को सुगम बनाने और कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ने राज्य में चल रही बाईपास परियोजनाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि निर्माणाधीन 17 बाईपास परियोजनाओं में से 4 पूरी हो चुकी हैं, जबकि अन्य पर कार्य जारी है। हालांकि कुछ परियोजनाएं भूमि अधिग्रहण संबंधी समस्याओं के कारण प्रभावित हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने सभी उपायुक्तों (डीसी) को भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने और लंबित कार्यों को समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के नीचे हल्के वाहनों के लिए सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा।
रेलवे फाटकों को खत्म करने पर जोर
बैठक में मानव संचालित रेलवे फाटकों को समाप्त करने की दिशा में चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि रेलवे के सहयोग से कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है, लेकिन कुछ योजनाएं आवश्यक स्वीकृतियों के अभाव में लंबित हैं। मुख्यमंत्री ने ऐसे सभी मामलों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए और कहा कि वह स्वयं केंद्रीय रेल मंत्री से इस विषय पर चर्चा करेंगे ताकि परियोजनाओं को जल्द मंजूरी मिल सके।
2028 तक हर इमारत पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राज्य के सभी सरकारी भवनों, गोदामों, मार्केट कमेटी शेडों और आवासीय मकानों पर सोलर पैनल लगाने की व्यापक योजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2028 तक हरियाणा में कोई भी इमारत ऐसी नहीं रहनी चाहिए जिस पर सोलर पैनल न लगा हो। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की योजनाओं के अलावा हरियाणा सरकार भी अतिरिक्त सब्सिडी उपलब्ध कराएगी और निजी क्षेत्र की भागीदारी को प्रोत्साहित करेगी, ताकि राज्य में सौर ऊर्जा को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जा सके।