डेरा ब्यास पहुंचे CM नायब सैनी, बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से की मुलाकात
अमृतसर: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के अमृतसर जिले स्थित राधा स्वामी सत्संग ब्यास के मुख्यालय में डेरा प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बाबा से आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया। हालांकि इस मुलाकात को सद्भावना और शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में भाजपा के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों भी डेरा ब्यास पहुंचे थे।
माना जा रहा है कि भाजपा 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में अपने पुराने सहयोगी शिरोमणि अकाली दल से अलग होकर चुनाव लड़ने की रणनीति पर काम कर रही है। ऐसे में ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करना पार्टी की प्राथमिकता है। डेरा ब्यास के करोड़ों अनुयायी हैं, जिनमें सिख और हिंदू समुदाय के ग्रामीण व शहरी दोनों वर्गों के लोग शामिल हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि डेरा का प्रभाव पंजाब के कई इलाकों में चुनावी समीकरणों को प्रभावित करने की क्षमता रखता है।
वर्ष 2020 के कृषि कानून आंदोलन के बाद भाजपा और अकाली दल के रिश्तों में दरार आई थी। इसके बाद से भाजपा को पंजाब के किसान समुदाय में विरोध का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में डेरा ब्यास के साथ संपर्क बढ़ाना भाजपा की ग्रामीण क्षेत्रों में स्वीकार्यता बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सैनी को भाजपा नेतृत्व पंजाब में पिछड़ा वर्ग, गैर-जाट और सिख मतदाताओं तक पहुंच बनाने के लिए भी सक्रिय रूप से आगे बढ़ा रहा है। हाल के दिनों में उन्होंने पंजाब के कई गुरुद्वारों और धार्मिक स्थलों का दौरा किया है।
गौरतलब है कि इससे पहले 27 मार्च को बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास 'संत कबीर कुटीर' में नायब सैनी से मुलाकात की थी। उस दौरान दोनों के बीच आध्यात्मिक और सामाजिक विषयों पर चर्चा हुई थी।