स्वच्छ और सुंदर शहर हर नागरिक का अधिकार, इसे साफ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी : डीएमसी सुरेंद्र बैनीवाल
सिरसा, 14 जुलाई।
जिला में ‘स्वच्छता से स्वागत’ विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को सिरसा नगरपरिषद द्वारा शहर के विभिन्न डंपिंग प्वाइंट्स के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा पौधारोपण भी किया गया। इस दौरान सिरसा नगरपरिषद के चेयरमैन शान्ति स्वरूप भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिला नगर आयुक्त सुरेंद्र बैनीवाल ने बताया कि सरकार द्वारा प्रदेश भर में स्वच्छता से स्वागत अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत आगामी छह दिनों तक नगर परिषद की ओर से शहर के सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत डबवाली, रानिया, कालांवाली, ऐलनाबाद में भी सफाई अभियान चलाया गया है। अभियान के दौरान आगामी छह दिनों में वार्डों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और डंपिंग प्वाइंट्स की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या प्रशासन की ही जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य भी है। उन्होंने शहर वासियों से अपने घरों, मोहल्लों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा कचरे के उचित प्रबंधन में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने घर, दुकान और संस्थान से निकलने वाले सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग करके नगर परिषद के कचरा संग्रहण वाहन को ही सौंपे तथा खुले में कचरा फैलाने से बचें।
वहीं नगर परिषद चेयरमैन शांति स्वरूप ने बताया कि स्वच्छता अभियान के साथ-साथ डंपिंग प्वाइंट्स के आसपास पौधारोपण भी किया जा रहा है, ताकि आमजन को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा सके। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। स्वच्छ और सुंदर शहर हर नागरिक का अधिकार है, वहीं इसे साफ-सुथरा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने नागरिकों से अभियान में बढ़-चढकऱ भाग लेने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग छोडऩे तथा कचरा केवल डस्टबिन में ही डालने की अपील की।