मुख्य सचिव रस्तोगी ने पूरी की जनगणना 2027 के लिए स्व-गणना प्रक्रिया
Apr 20, 2026, 22:33 IST
चंडीगढ़, 20 अप्रैल- हरियाणा के मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने जनगणना 2027 के लिए डिजिटल भागीदारी को बढ़ावा देते हुए आज यहां ऑनलाइन जनगणना पोर्टल के माध्यम से सफलतापूर्वक स्व-गणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन)) प्रक्रिया पूरी की।
इस अवसर पर मुख्य सचिव ने बताया कि यह सुविधा उपयोगकर्ता-अनुकूल, सुरक्षित और सुविधाजनक है। नागरिक अपने समय और सुविधा के अनुसार ऑनलाइन पोर्टल पर जनगणना संबंधी अपनी जानकारी स्वयं भर सकते हैं। इसे प्रगणक के घर आने पर उसके साथ साझा करना होगा, जिससे नागरिकों का समय बचेगा और जनगणना कार्य अधिक सटीक और पारदर्शी होगा।
इस अवसर पर श्री रस्तोगी ने प्रभावी नीति निर्माण, विकास योजनाओं की बेहतर योजना और संसाधनों के उचित वितरण के लिए सटीक एवं समय पर आंकड़ों के महत्व पर भी बल दिया। उन्होंने प्रदेश के नागरिकों से अपील की कि वे ऑनलाइन स्व-गणना सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
इस अवसर पर हरियाणा के जनगणना संचालन निदेशक श्री ललित जैन तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव श्रीमती हेमा शर्मा भी उपस्थित रहीं।