*मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने रिहायशी सोसायटी में परखा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का जमीनी क्रियान्वयन*
गुरुग्राम, 19 जून।
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जीएमडी गार्डन सोसायटी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे सत्यापन कार्य का निरीक्षण किया और अभियान के जमीनी क्रियान्वयन की स्थिति को करीब से परखा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ से सीधे संवाद कर गणना प्रपत्रों के वितरण, मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने, दस्तावेजों के सत्यापन तथा जानकारी संकलन की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने बीएलओ से यह भी पूछा कि अभियान के दौरान उन्हें किस प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है तथा उनके समाधान के लिए क्या आवश्यक है। श्रीनिवास ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और अद्यतनता सुनिश्चित करने में बीएलओ की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और उनके प्रयास ही इस अभियान की सफलता का आधार हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी नागरिक को जानकारी के अभाव में मतदाता सूची से वंचित न रहने दिया जाए। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों और बहुमंजिला आवासीय सोसायटियों में अधिक सक्रियता के साथ कार्य करने की आवश्यकता है ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ा जा सके। इस अवसर पर बादशाहपुर के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम संजीव सिंगला, तहसीलदार गुरदेव, नायब तहसीलदार महेंद्र, पटवारी अमित तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।