{"vars":{"id": "128336:4984"}}

  सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान तेज, चार चालान कर आठ हजार रुपए का लगाया जुर्माना
​​​​​​​

 

भिवानी, 16 जुलाई। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं नगर परिषद भिवानी की संयुक्त टीम ने जेई चंचल के नेतृत्व में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक एवं पॉलीथिन के उपयोग पर रोक लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान कृष्णा कॉलोनी क्षेत्र में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग पाए जाने पर चार चालान किए गए तथा कुल आठ हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी शैलेंद्र अरोड़ा ने बताया कि आमजन को जागरूक करने के लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर जागरूकता बैनर भी लगाए गए हैं। इन बैनरों के माध्यम से सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों एवं पर्यावरण पर पडऩे वाले इसके नुकसान के बारे में लोगों को जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक एवं पॉलीथिन का उपयोग पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है। इससे भूमि, जल एवं वायु प्रदूषित होते हैं, जिसका सीधा प्रतिकूल प्रभाव मानव स्वास्थ्य और जीव-जंतुओं पर पड़ता है।
श्री अरोड़ा ने शहर के दुकानदारों एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक एवं पॉलीथिन का प्रयोग पूरी तरह बंद करें तथा पर्यावरण संरक्षण में अपना सक्रिय योगदान दें। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।