कैबिनेट मंत्री ने गांव खरड़ अलीपुर में बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की भव्य प्रतिमा का किया अनावरण
हिसार, 11 अप्रैल। लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने शनिवार को गांव खरड़ अलीपुर में पहुंचकर बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कपूर सिंह द्वारा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर ने भारतीय संविधान का निर्माण कर देश को एक सशक्त लोकतांत्रिक ढांचा प्रदान किया। उन्होंने समाज के वंचित, शोषित एवं पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका जीवन हमें समानता, न्याय और शिक्षा का महत्व सिखाता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का दिया गया मूल मंत्र शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो आज भी समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए मार्गदर्शक है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार महापुरुषों की शिक्षाओं और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में महापुरुषों की जयंती बड़े स्तर पर मनाई जा रही है, ताकि नई पीढ़ी उनके जीवन से प्रेरणा ले सके। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल विकास कार्य करना ही नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता और सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देना है।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा बाबा साहेब का मूल सिद्धांत अंत्योदय था, जिसका अर्थ है समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना। इसी सोच को अपनाते हुए सरकार योजनाओं को इस प्रकार लागू कर रही है कि गरीब, जरूरतमंद और वंचित वर्ग को सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनमें आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री ने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार भी दें, ताकि वे एक जिम्मेदार नागरिक बन सकें। शिक्षा ही वह माध्यम है, जो व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देती है और समाज में सकारात्मक बदलाव लाती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से योग्य युवाओं को नौकरी दी जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शपथ ग्रहण से पूर्व ही 25 हजार युवाओं को नौकरी देकर यह संदेश दिया था कि सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर कितनी गंभीर है। कार्यक्रम के अंत में कैबिनेट मंत्री ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने ग्रामीणों को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान लोगों ने पेयजल, सडक़, सीवरेज सहित विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दे मंत्री के समक्ष रखे, जिन पर उन्होंने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर महाराज मंगलानंद, संस्था के अध्यक्ष बारु राम, सरपंच सुभाष, गांव खरड़ के सरपंच रमेश सैनी, ढाणी रायपुर के सरपंच मदन लाल शर्मा, सरपंच भगवान दास भानखड़, कपूर सिंह भानखड़, पूर्व सरपंच सुशील, सुभाष, पवन, हरिपाल गुर्जर, कपूर सिंह कुंडू, मनोहर लाल एमसी, रूप राम गुर्जर, भूप सहरावत, अजय जांगड़ा, धर्मवीर शर्मा, ओमपति, कुलबीर मलिक, लीलू राम, मथुरा सिंह, अशोक कुमार, बबलू, जयबीर, प्रवीण कुमार और कुलदीप सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन : कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा।