{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 

मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ

 
भिवानी, 16 जून। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी साहिल गुप्ता ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के तहत जिले के चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। मतदाताओं की सुविधा के लिए जिला की चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां मतदाता सूची से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

डीसी ने बताया कि मतदान स्तर अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) वितरित करेंगे तथा उन्हें एकत्रित भी करेंगे। बीएलओ मतदाताओं के घरों पर तीन बार जाकर फॉर्म प्राप्त करने का प्रयास करेंगे। जिन मतदाताओं का नाम वर्ष 2002 की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे अपने माता-पिता अथवा दादा-दादी के रिकॉर्ड से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत कर सकते हैं। यदि इनमें से किसी का नाम भी वर्ष 2002 की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 12 दस्तावेजों में से कोई भी दस्तावेज सुनवाई के दौरान प्रस्तुत किया जा सकता है।

डीसी ने बताया कि जिन मतदाताओं ने गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को जमा कर दिए हैं, उनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के कार्यक्रमानुसार ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए जिला की चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां मतदाता सूची से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने बताया कि सहायता केंद्र हेल्पलाइन के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय भिवानी के नंबर 01664-1950, लोहारू विधानसभा क्षेत्र के लिए 01252-298227, भिवानी विधानसभा क्षेत्र  के लिए 01664-242137, तोशाम विधानसभा क्षेत्र 0125-258352 व बवानीखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए 01664-244885 पर संपर्क किया जा सकता है। मतदाता सूची से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।