पानीपत के होटलों में बड़ा खतरा, फायर NOC के बिना चल रहे हैं कई होटल
Panipat: हाल ही में हुए दिल्ली में अग्निकांड के बाद पानीपत में फायर सेफ्टी को लेकर प्रशासन ने सख्ती को बढ़ा दिया गया है। इसी कड़ी में दमकल विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न होटलों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान ऐसी कई चीजें सामने आयी है जिन्होंने होटलों में मौजूद सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आग बुझाने वाले सिलेंडर एक्सपायर मिले
विशेष निरीक्षण के दौरान शहर के कई होटलों में फायर फाइटिंग सिस्टम अधूरा या लगभग खराब ही पाए गए। कुछ स्थानों पर आग बुझाने वाले सिलेंडर एक्सपायर मिले, जबकि कई होटल संचालक अपने प्रतिष्ठान की फायर एनओसी की स्थिति तक स्पष्ट रूप से नहीं बता सके। कई भवनों के स्वीकृत नक्शे भी उपलब्ध नहीं मिले।
फायर अधिकारी गुरमेल सिंह ने कहा कि, "जांच के दौरान अधिकांश होटलों में सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई है। अगर किसी होटल में आग लगने जैसी बड़ी घटना होती है तो लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना बहुत मुश्किल हो सकता है। कई भवनों में पर्याप्त इमरजेंसी एग्जिट तक उपलब्ध नहीं हैं।"
इन होटलों को जारी हुए नोटिस
दमकल विभाग ने अब तक करीब 10 से 12 होटलों को नोटिस जारी किए हैं। इन संस्थानों को एक माह के भीतर कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। इस बारे में गुरमेल सिंह ने कहा कि, "यदि निर्धारित अवधि में सुधार नहीं किया गया तो संबंधित होटलों को रेड जोन नोटिस जारी किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर सीलिंग की कार्रवाई भी की जा सकती है।" जांच में शहर के दमकल विभाग के अनुसार शहर में सैकड़ों होटल संचालित हो रहे हैं, लेकिन इनमें से केवल 25 से 30 होटलों के पास ही वैध फायर एनओसी होने की जानकारी सामने आयी है। कई प्रतिष्ठानों में फायर सिलेंडरों की समय पर रिफिलिंग तक नहीं करवाई गई, जिससे आपात स्थिति में बड़ा खतरा पैदा हो सकता है।