{"vars":{"id": "128336:4984"}}

हरियाणा में Metro विस्तार पर बड़ा फैसला, कई नए रूटों पर काम शुरू; सफर होगा आसान 

 
Haryana Metro : हरियाणा के ट्रेन यात्रियों के लिए एक खुशी की खबर सामने आई है।  प्रदेश में मेट्रो नेटवर्क को विस्तार देने की दिशा में सरकार ने काम तेज कर दिया है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में वीरवार को हरियाणा मास रैपिड ट्रांजिट कॉरपोरेशन (एचएमआरटीसी) की बैठक में गुरुग्राम के सेक्टर-56 से पंचगांव तक नई मेट्रो कनेक्टिविटी पर चर्चा की गई। 

मेट्रो डिपो के लिए जगह को अंतिम रूप 

इस रूट के लिए हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एचएसआईआईडीसी) की ओर से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) और लेआउट प्लान का अध्ययन किया जा रहा है जबकि सिही गांव के पास सेक्टर-36 ए में मेट्रो डिपो के लिए जगह को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इसी तरह बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो विस्तार की संभावनाओं का तकनीकी आकलन राइट्स कंपनी कर रही है। बहादुरगढ़-आसौधा रूट के लिए भी नया अध्ययन शुरू किया गया है क्योंकि आसौधा में इंटरचेंज स्टेशन विकसित करने की योजना है जिससे यात्रियों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी।

बैठक में सामने आया कि मेट्रो के उपयोग में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 के बीच 1.74 करोड़ से अधिक यात्रियों ने मेट्रो का उपयोग किया जो पिछले साल की तुलना में 13.55 फीसदी अधिक है। किराया आय में भी 12.64 फीसदी की वृद्धि हुई है जबकि गैर किराया आय में 108 फीसदी की बड़ी बढ़त दर्ज की गई है।

इसके अलावा गुरुग्राम-फरीदाबाद नमो भारत कॉरिडोर की अलाइनमेंट को मंजूरी मिल चुकी है और इसकी डीपीआर तैयार की जा रही है। दिल्ली-कुंडली मेट्रो विस्तार को जल्द कैबिनेट में पेश किया जाएगा। दिल्ली-पानीपत-करनाल आरआरटीएस कॉरिडोर की संशोधित रिपोर्ट भी स्वीकृति के लिए आगे बढ़ रही है।

शहर के भीतर भोंडसी से रेलवे स्टेशन तक 17 किलोमीटर लंबे नए कॉरिडोर को भी मंजूरी दी गई है। अधिकारियों का मानना है कि इन परियोजनाओं से प्रदेश में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सफर का विकल्प मिलेगा।