हरियाणा में बिजली चोरी और बकायेदारों पर बड़ा एक्शनः 3 महीने में सभी लंबित मामले कोर्ट में पेश करने के निर्देश
Apr 10, 2026, 21:15 IST
Naya Haryana: हरियाणा के बिजली मंत्री अनिल विज ने बिजली चोरी करने वाले और बकायेदारों पर सख्त एक्शन लिया है। बिजली चोरी के मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि अगले तीन महीनों में सभी लंबित मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाए।
उन्होंने बताया कि चालू वर्ष में 179 लोगों को बिजली चोरी के मामलों में गिरफ्तार किया गया है। वर्ष 2024-25 में 39,529 तथा 2025-26 में 56,953 एफआईआर दर्ज की गई हैं। विजिलेंस विंग ने आश्वासन दिया कि सभी मामलों को शीघ्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
नियम-8 के तहत दर्ज होगी चार्जशीट- विज
श्री विज ने यह भी कहा कि जिन उपभोक्ताओं पर बकाया राशि लंबित है और उन्होंने उसी संपत्ति पर नया बिजली कनेक्शन ले लिया है, ऐसे कनैक्शन देने वाले संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध नियम-8 के तहत कार्रवाई कर चार्जशीट दाखिल की जाएगी। ऐसे कुल 3,224 मामलों की पहचान की गई है, जिनमें 202 उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम तथा 3022 दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के है। इसके लिए तीन सदस्यीय टीमों का गठन किया जाएगा, जो तीन माह के भीतर कार्रवाई पूर्ण करेंगी।