बेहतर सड़क नेटवर्क से ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों व आमजन को मिलेगा सीधा लाभ
झज्जर, 6 जुलाई।
झज्जर जिला के बेरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए लोक निर्माण विभाग भवन एवं सड़कें के माध्यम से 20 करोड़ 60 लाख रुपये (2060.40 लाख रुपये) की अनुमानित लागत से 16 सड़कों से जुड़े विकास कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। इन कार्यों के तहत लगभग 31 किलोमीटर लंबाई की विभिन्न ग्रामीण एवं संपर्क सड़कों का पुनर्निर्माण, सुदृढ़ीकरण तथा सुधार किया जाएगा। डीसी वर्षा खांगवाल ने सरकार की ओर से मिली प्रशासनिक स्वीकृति के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
ग्रामीणों को उपलब्ध होगी बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन सुविधा
डीसी ने बेरी क्षेत्र की सड़कों से जुड़े प्रस्तावित कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र के गांव बहराना स्थित ग्रामीण खेल स्टेडियम के पहुंच मार्ग का पुनर्निर्माण, बेरी-कलानौर रोड से गांव बिसान रोड तक, बेरी-कबूलपुर रोड, डीघल रेलवे स्टेशन मार्ग, गांव महराना से पीडब्ल्यूडी रोड, गांव भापड़ौदा-इस्माइला रोड, गांव कबूलपुर-गोच्छी रोड, सांपला-आसांढा से एनएच-334बी रोड,
भापड़ौदा आंतरिक सड़क मार्ग, जहाजगढ़-बराणी (तामसपुरा) रोड, बेरी बाईपास, बिसान अप्रोच रोड तथा बेरी-बाघपुर-मांगावास मार्ग के सुधार कार्य शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त सांपला-झज्जर रोड से गढ़ी-सांपला-मातन-दुल्हेड़ा मार्ग तथा रोहद-बादली रोड के सुधार के लिए भी एस्टीमेट तैयार किया गया है। इन कार्यों में सड़क का पुनर्निर्माण, स्ट्रेंथनिंग, सरफेस ट्रीटमेंट, 20 एमएम प्रीमिक्स कारपेट, बिटुमिनस कंक्रीट, सीमेंट कंक्रीट पेवमेंट (सीसीपी), पुलिया निर्माण तथा जंक्शन सुधार जैसे कार्य प्रस्तावित हैं।
डीसी ने बताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी। किसानों को कृषि उपज के परिवहन, विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने तथा आम नागरिकों को स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।