{"vars":{"id": "128336:4984"}}

  जिले में उर्वरकों की उपलब्धता पर्याप्त, अनावश्यक भंडारण करने वालों का होगा सत्यापन: विनोद फोगाट

 

भिवानी, 10 जुलाई। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को उर्वरकों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अनावश्यक भंडारण एवं दुरुपयोग पर रोक लगाने के उद्देश्य से कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। कम समय में असामान्य मात्रा में यूरिया की खरीद करने वाले किसानों का सत्यापन होगा।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ विनोद फोगाट ने बताया कि जिले में यूरिया एवं डीएपी सहित सभी प्रमुख उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा किसानों को किसी प्रकार की घबराहट में आवश्यकता से अधिक उर्वरक खरीदने की आवश्यकता नहीं है। विभाग लगातार सहकारी समितियों एवं निजी विक्रेताओं के माध्यम से उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा ऐसे किसानों का सत्यापन  किया जाएगा, जिन्होंने कम समय में असामान्य मात्रा में यूरिया की खरीद की है। सत्यापन के दौरान यह देखा जाएगा कि संबंधित किसान के पास उपलब्ध भूमि, बोई गई फसल एवं वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप ही उर्वरक खरीदा गया है या नहीं। यदि किसी स्तर पर उर्वरक का दुरुपयोग, जमाखोरी अथवा अन्य अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. फोगाट ने कहा कि सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक बिक्री का बिल जारी करें तथा किसान की पहचान एवं भूमि विवरण का सही रिकॉर्ड रखें। विभागीय अधिकारी नियमित रूप से उर्वरक गोदामों, पीओएस मशीनों एवं स्टॉक का निरीक्षण कर रहे हैं ताकि उपलब्ध स्टॉक और बिक्री का मिलान किया जा सके।
उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा है कि वे केवल अपनी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरक खरीदें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। यदि किसी विक्रेता द्वारा उर्वरक के साथ अन्य उत्पाद खरीदने के लिए बाध्य किया जाता है या निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूली जाती है, तो इसकी सूचना तुरंत कृषि विभाग के संबंधित अधिकारी को दें। दोषी पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध कड़ी विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कृषि विभाग ने विश्वास दिलाया है कि पूरे खरीफ सीजन के दौरान जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं तथा किसानों के हितों की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।