{"vars":{"id": "128336:4984"}}

स्व-गणना का 30 अप्रैल को अंतिम दिन, एक मई से घर-घर शुरू होगा जनगणना कार्य

 
हिसार, 29 अप्रैल : प्रदेश में स्व-गणना का 30 अप्रैल को अंतिम दिन है। प्रदेशवासी इस अंतिम अवसर का लाभ उठाते हुए अपनी जनगणना करना सुनिश्चित करें।

यह जानकारी देते हुए गृह मंत्रालय हरियाणा के जनगणना निदेशक डॉ ललित जैन ने बताया कि अब तक राज्य में 2 लाख 45 हजार से अधिक परिवार स्व-गणना कर रिकॉर्ड बना चुके हैं, जो बढ़ती जागरूकता और जन भागीदारी का प्रमाण है। खासकर युवाओं में इसे लेकर उत्साह देखा गया है। उन्होंने बताया कि स्वयं जनगणना की प्रक्रिया बेहद सरल है और नागरिक मात्र 5 से 7 मिनट में ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से इसे पूरा कर सकते हैं। 

जनगणना निदेशक डॉ ललित जैन ने बताया कि 1 मई से पूरे हरियाणा में वास्तविक हाउस लिस्टिंग एवं जनगणना का कार्य शुरू होगा। इसके तहत प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करेंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे जनगणना के कार्य में लगे कर्मचारियों का पूरा सहयोग करें और सही व अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएं।

जनगणना के दौरान दी गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं व नीतियों के निर्माण के लिए किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि
उन्होंने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय जिम्मेदारी है, जो देश के विकास, नीति निर्धारण और संसाधनों के उचित वितरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। जनगणना निदेशक डॉ जैन ने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों से भी पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया। 

उन्होंने बताया कि यदि किसी नागरिक, प्रगणक या पर्यवेक्षक को किसी प्रकार की समस्या आती है तो वे अपने संबंधित अधिकारी या तहसीलदार से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जनगणना विभाग का हेल्पलाइन नंबर 1855 भी जारी किया गया है, जिस पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।