{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 

*सरकारी प्रतिष्ठानों में अप्रेंटिसशिप को मिलेगा बढ़ावा, अधिक से अधिक प्रशिक्षुओं का करें चयन : एडीसी सोनू भट्ट*

 

गुरुग्राम, 24 जुलाई- एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि युवाओं को कौशल विकास के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में अप्रेंटिसशिप योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने शुक्रवार को विकास सदन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित जिला शिक्षुता एवं आत्मनिर्भर कमेटी की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न सरकारी प्रतिष्ठानों में योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की तथा सभी विभागों से निर्धारित शेड्यूल के अनुसार अधिक से अधिक अप्रेंटिस अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से जोड़कर उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी सरकारी प्रतिष्ठान निर्धारित शेड्यूल के अनुसार अधिक से अधिक अप्रेंटिस अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित करें, ताकि जिले में अप्रेंटिसशिप को और बढ़ावा मिल सके।

एडीसी ने कहा कि जिन सरकारी प्रतिष्ठानों में मैनपावर अधिक है, वहां आईटीआई विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए। यह नोडल अधिकारी विभाग की आवश्यकता के अनुसार प्रशिक्षुओं की मांग आईटीआई विभाग को भेजेगा, जिसके आधार पर विभाग पात्र अभ्यर्थियों की सूची उपलब्ध कराई जाएगी। इससे अप्रेंटिसशिप प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित हो सकेगी।

एडीसी सोनू भट्ट ने अधिकारियों से कहा कि अप्रेंटिसशिप युवाओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के साथ-साथ उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है। सभी विभाग इस योजना को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करें।

बैठक में जेपीओ आकाश, जेपीओ कपिल देव, एपीओ सुरेश, ईटीओ गुरुग्राम नॉर्थ जगमोहन, द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय से ऋतु, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से डॉ. अपीला, गुरुग्राम विश्वविद्यालय से प्रोफेसर अजय शर्मा, राजकीय आईटीआई, सोहना से बृजेश कुमार सहित विभिन्न सरकारी विभागों एवं संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।