10 से 45 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बीपीएल महिलाओं एवं किशोरियों से पंजीकरण कराने की अपील
झज्जर, 28 जून।
जिला में महिला एवं किशोरी सम्मान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग सजगता से कार्य कर रहा है। विभाग का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिले।
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि महिला एवं किशोरी सम्मान योजना के तहत 10 से 45 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बीपीएल महिलाओं एवं किशोरियों को नि:शुल्क सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि मासिक धर्म स्वच्छता को बढ़ावा मिले और महिलाओं के स्वास्थ्य की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित हो।
डीसी ने बताया कि राज्य सरकार महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर पूरी तरह सजग और गंभीर है। "स्वच्छता, सम्मान और सशक्तिकरण" के उद्देश्य से महिला एवं किशोरी सम्मान योजना के तहत मेन्स्ट्रुअल हाइजीन मिशन को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत 10 से 45 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बीपीएल महिलाओं एवं किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नि:शुल्क सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। यह पहल महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य में सुधार लाने के साथ-साथ उन्हें सम्मानजनक, सुरक्षित और सशक्त जीवन की दिशा में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ वास्तविक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए विभाग द्वारा एक ऑनलाइन पोर्टल विकसित किया गया है। इस पोर्टल पर लाभार्थियों का पंजीकरण फैमिली आईडी के आधार पर किया जाएगा, जिससे केवल पात्र महिलाओं एवं किशोरियों को ही योजना का लाभ मिल सकेगा।
डीसी ने कहा कि जिलाभर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से महिलाओं एवं किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता, सुरक्षित माहवारी प्रबंधन तथा सैनिटरी नैपकिन के नियमित उपयोग के बारे में जागरूक किया जा रहा है। साथ ही योजना से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां भी लाभार्थियों तक पहुंचाई जा रही हैं।
डीसी वर्षा खांगवाल ने जिला की सभी पात्र बीपीएल महिलाओं से अपील की कि वे अपने निकटतम आंगनवाड़ी केंद्र पर जाकर महिला एवं किशोरी सम्मान योजना के अंतर्गत अपना पंजीकरण अवश्य करवाएं, ताकि सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही नि:शुल्क सैनिटरी नैपकिन सुविधा का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।