सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ करें कार्य :- उपायुक्त सचिन गुप्ता
रोहतक, 15 जून। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने सडक़ स्वामित्व एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे मॉनसून सीजन से पूर्व सडक़ों की मरम्मत, पैच वर्क इत्यादि के कार्यों को एक सप्ताह में पूर्ण करवाये। अधिकारी स्टॉर्म वाटर सीवर की सफाई सुनिश्चित करवाये ताकि जलभराव न हो। हर नागरिक की जान बहुमूल्य है। जिला में सडक़ सुरक्षा के सभी प्रबंध सुनिश्चित किये जाये। सुरक्षा प्रबंधों की कमी की वजह से किसी दुर्घटना में जन हानि नहीं होनी चाहिए।
सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला सडक़ सुरक्षा समिति (डीआरएससी) एवं सुरक्षित स्कूल वाहन नीति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अधिकारी मॉनसून सीजन के दृष्टिïगत सडक़ों की मरम्मत व पैच वर्क के कार्य को आगामी एक सप्ताह में पूर्ण करवाये तथा कोई भी कार्य रूकना नहीं चाहिए। सडक़ों के किनारे बनाये गए स्टॉर्म वाटर सीवर की सफाई करवाना सुनिश्चित किया जाये ताकि सडक़ों के किनारे जलभराव न हो। बैठक में सडक़ सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विभागों द्वारा किए गए कार्यों, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधारात्मक उपायों तथा पूर्व बैठकों में लिए गए निर्णयों की अनुपालना की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियां को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाये कि इन राजमार्गों की लाइटें दुरुस्त हो। वन विभाग द्वारा मॉनसून सीजन के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों के साथ-साथ पौधारोपण की योजना तैयार की जाये। स्थानीय सुखपुरा चौक पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिये कि इस फ्लाईऑवर के निर्माण की गति को बढ़ाया जाये ताकि शहरवासियों को मॉनसून सीजन के दौरान असुविधा न हो। उन्होंने क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल को इस निर्माणाधीन फ्लाईऑवर का दौरा करने को कहा।
सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला में यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। गत मई माह के दौरान विभिन्न यातायात उल्लंघनों पर 7,781 चालान किए गए। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने के 1,104, सीट बेल्ट न लगाने के 1,332, शराब पीकर वाहन चलाने के 133, ओवरस्पीडिंग के 131 तथा गलत दिशा में वाहन चलाने के 1,119 चालान शामिल हैं। इसके अतिरिक्त मार्च माह में 64, अप्रैल में 63 तथा मई में 38 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन हेतु भेजे गए। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी विभाग लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें तथा प्रत्येक बैठक में कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं नगर निगम आयुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि पुलिस द्वारा ऑवर स्पीड तथा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के चालान बढ़ाये जाये। शहर के प्रवेश व निकास द्वारों पर सुबह-शाम गस्त बढ़ाई जाये तथा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के चालान किये जाये। इसी तरह निर्धारित गति से अधिक गति से वाहन चलाने वालों के चालान भी बढ़ाये जाये ताकि सडक़ दुर्घटनाओं का कम से कम किया जा सके।
नरेंद्र कुमार ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग न करने वाले नागरिकों/ कर्मचारियों के सरकारी भवनों/कार्यालयों में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाये। बैठक में नगर निगम, पुलिस विभाग, एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, एचएसवीपी, एचएसआईआईडीसी तथा अन्य संबंधित विभागों द्वारा प्रस्तुत कार्य प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की गई। महम के उपमंडलाधीश विपिन कुमार व अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फें्रस के माध्यम से बैठक से जुड़े। बैठक में एएसपी आयुष यादव, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल के अतिरिक्त राष्टï्रीय राजमार्ग, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, एचएसआईआईडीसी, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड, नगर निगम सहित अन्य संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी, सुभाष गुप्ता, विकास बंसल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।