{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Agniveer Bharti: हरियाणा में अग्निवीर भर्ती के दूसरे चरण का शेड्यूल हुआ जारी, ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड

 
Agniveer Bharti: भारतीय सेना द्वारा अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया का दूसरा चरण 8 नवंबर से 12 नवंबर 2025 तक आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी अंबाला के आर्मी भर्ती निदेशक ने दी। यह चरण फिजिकल फिटनेस और मेडिकल परीक्षण से संबंधित होगा और इसे अंबाला कैंट स्थित खड्गा स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

इस भर्ती प्रक्रिया में हरियाणा के अंबाला, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, यमुनानगर, पंचकूला और केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ के वे पुरुष अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं जिन्होंने पहले चरण की कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन कॉमन एग्जाम (CEE) में सफलता प्राप्त की है और शॉर्टलिस्ट हुए हैं।

भर्ती निदेशक ने बताया कि सभी योग्य अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड 14 अक्टूबर 2025 को जारी कर दिए गए हैं। उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर अपनी लॉगिन आईडी के माध्यम से डाउनलोड कर सकते हैं।

यदि किसी अभ्यर्थी को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में कोई समस्या आती है, तो वे मुख्यालय भर्ती कार्यालय, अंबाला के जानकारी कक्ष में प्रात: 10 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच संपर्क कर सकते हैं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि हर संभव प्रयास किया जाएगा ताकि उम्मीदवारों की समस्याओं का समाधान तुरंत किया जा सके।