जिला स्तरीय समाधान शिविर में एडीसी जगनिवास ने सुनी जनसमस्याएं
झज्जर, 09 जुलाई।
हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के अनुरूप,डीसी वर्षा खांगवाल के कुशल मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर नागरिकों की समस्याओं के स्थाई निदान का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। यह बात एडीसी जगनिवास ने वीरवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर के दौरान कही।
एडीसी जगनिवास ने बताया कि डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में इन शिविरों में आने वाली हर शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा सुनिश्चित किया जा रहा है ताकि आमजन को शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली का सीधा और मौके पर लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसेवा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी शिकायत के समाधान में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
*एक ही छत के नीचे हो रहा जन शिकायतों का निवारण*
एडीसी ने जानकारी दी कि नागरिकों की सुविधा के लिए प्रत्येक सोमवार व गुरुवार (वीरवार) को सुबह 10 से 12 बजे तक ये शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य यह है कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
'एक ही छत के नीचे' संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों की मौजूदगी में राजस्व विभाग,परिवार पहचान पत्र, जनस्वास्थ्य विभाग, पुलिस और बिजली विभाग जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं का मौके पर ही निदान किया जा रहा है।
*उपमंडल स्तर पर भी हो रहा जनसमस्याओं का समाधान*
एडीसी जगनिवास ने बताया कि जिला मुख्यालय के साथ-साथ उपमंडल स्तर पर भी बहादुरगढ़, बादली और बेरी में एसडीएम की अध्यक्षता में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। आज आयोजित शिविर में शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इन विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
इस मौके पर सीईओ जिला परिषद मनीष फोगाट, सीटीएम रितु बंसीवाल,एसीपी शमशेर,डीडीपीओ निशा तंवर, जिला राजस्व अधिकारी मनवीर सिंह, सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन चुन्नी लाल सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।