{"vars":{"id": "128336:4984"}}

PM Kiaan Yojana: सरकार दे रही छह हजार रुपये सालाना, जल्दी करें आवेदन 

 

सिरसा, 27 फरवरी: भारत सरकार द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को आर्थिक सहयोग प्रदान कर उनकी आय को मजबूत करना है। इसके तहत पात्र किसान परिवारों को प्रति वर्ष 6,000 रुपये की सहायता राशि दी जाती है।

योजना के अंतर्गत यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है। 6,000 रुपये की यह सहायता तीन समान किस्तों में दी जाती है, जिससे किसानों को समय-समय पर आर्थिक सहयोग मिलता रहे। प्रारंभ में यह योजना केवल उन सीमांत किसानों के लिए लागू की गई थी जिनके पास 2 हेक्टेयर से कम भूमि थी, लेकिन बाद में इसे सभी भूमि धारक किसानों के लिए विस्तारित कर दिया गया।

इस योजना को प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) मोड के माध्यम से ऑनलाइन संचालित किया जा रहा है। इसके लिए एक विशेष वेब पोर्टल डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यूडॉटपीएमकिसानडॉटजीओवीडॉटइन तैयार किया गया है। किसान इस पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपने मोबाइल फोन से या नजदीकी अटल सेवा केंद्र पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं। इससे प्रक्रिया पारदर्शी और सरल बनी है।

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डा. सुखदेव सिंह ने बताया कि जिला सिरसा में कुल 1,37,715 किसान इस योजना के तहत पंजीकृत हैं। अब तक जिला सिरसा में 21 किस्तों के माध्यम से लगभग 457 करोड़ रुपये की राशि सीधे किसानों के खातों में भेजी जा चुकी है।

इससे स्पष्ट है कि यह योजना किसानों के लिए आर्थिक राहत का बड़ा माध्यम बनकर उभरी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में सरकार का एक सराहनीय कदम है, जिसका लाभ लाखों किसान परिवारों को मिल रहा है।