{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 ओलावृष्टि व तेज वर्षा से हुए नुकसान का विवरण प्रभावित गांवों के किसान ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर 23 अप्रैल तक करवाएं दर्ज

 

सिरसा, 17 अप्रैल। जिला में गत दिनों ओलावृष्टि व तेज वर्षा के कारण रबी 2025-26 की फसलों को हुए नुकसान के संबंध में विवरण दर्ज कराने के लिए प्रभावित गांवों के किसानों के लिए ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला गया है। प्रभावित 10 गांवों के किसान 23 अप्रैल तक फसलों को हुए नुकसान का ब्यौरा दर्ज करवा सकते हैं।

जिला राजस्व अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर जिले के कई गांवों में ओलावृष्टि व तेज वर्षा के चलते फसलों को नुकसान हुआ है। नुकसान का विवरण दर्ज करवाने के लिए सिरसा जिला के 10 गांवों के लिए ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला गया है।

तहसील डबवाली के गांव मसीतां, मौजगढ़, पन्नीवाला रूलदु, देसूजोधा के लिए ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला गया है। इसी तरह गोरीवाला उप तहसील के गांव लंबी, मोडी, गोदिकां, कालूआना व गंगा तथा रानियां तहसील का रानियां भी शामिल हैं। उपरोक्त गांवों के किसान 23 अप्रैल तक अपनी फसलों को हुए नुकसान का विवरण पोर्टल पर दर्ज करवा सकते हैं।