New Expressway: उत्तर प्रदेश को एक और एक्सप्रेसवे की सौगात, जल्द हो सकता है उद्घाटन; इन 4 जिलों को मिलेगा सीधा लाभ
May 25, 2025, 07:45 IST
New Expressway: उत्तर प्रदेश को जल्द ही एक और नए एक्सप्रेसवे की सौगात मिलने वाली है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाला गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे 15 जून तक बनकर पूरी तरह तैयार हो जाएगा। अब खजनी क्षेत्र में सिर्फ एक किमी सर्विस लेन पर डामर बिछाने का काम बाकी है, जबकि बेलघाट में कम्हरियाघाट पुल के पास एप्रोच रोड को सुरक्षित करने का काम चल रहा है, इस पर रविवार से बोल्डर बिछाने का काम शुरू हो जाएगा। हाल ही में शासन ने बचे हुए काम के लिए यूपीडा को 60 करोड़ रुपये भी मंजूर किए हैं। उधर, एप्रोच को त्रि-स्तरीय सुरक्षा प्रदान करने का काम करा रहे सेतु निगम के अधिकारियों का कहना है कि एप्रोच की मरम्मत का काम सप्ताह भर में पूरा हो जाएगा। नदी की धारा बदलने का काम चल रहा है। तय समय पर यह भी पूरा हो जाएगा। इस परियोजना के लिए सेतु निगम ने बचे हुए और 146 करोड़ रुपये की मांग की है। निगम के मुताबिक 246 करोड़ की परियोजना में से अब तक 100 करोड़ रुपये मिल चुके हैं। CM योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर कमिश्नर अनिल ढींगरा और जिलाधिकारी कृष्णा करूणेश ने 23 अप्रैल को लिंक एक्सप्रेस-वे के निर्माणाधीन कार्य का निरीक्षण किया था। उसी दिन शाम को मुख्यमंत्री ने कार्य की समीक्षा भी की थी और कार्यदायी संस्था को जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया था। जिलाधिकारी के मुताबिक घाघरा नदी के कम्हरियाघाट पर पुल के एप्रोच मार्ग की मरम्मत का काम इसी सप्ताह पूरा हो जाएगा। साथ ही दो स्थानों पर सर्विस रोड का काम बाकी था। यह कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है।