New Expressway : केंद्र सरकार के सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी लोगों को बेहतर यतायात सुविधा देने के लिए लगातार एक्सप्रेसवे, हाईवे और सड़कों का निर्माण कर रहे है। लोगों को बेहतर रोड सुविधा देने के लिए सरकार द्वारा ये प्रयास किये जा रहे हैं। इसी बीच केंद्र सरकार की भारतमाला परियोजना के तहत हरियाणा में 3 बड़े नए एक्सप्रेसवे बनाए जाएंगे। एक्सप्रेसवे बन जाने के बाद लोग दिल्ली और चंडीगढ़ के बीच आसानी से सफर कर सकेंगे।
ढाई घंटे में दिल्ली से चंडीगढ़ का सफर
इसके अलावा प्रदेश के जिलों और कस्बों को मजबूत कनेक्टिविटी मिलेगी। एक्सप्रेसवे के जरिए लोग केवल ढाई घंटे में दिल्ली से चंडीगढ़ का सफर कर सकेंगे। इसके अलावा हिसार से रेवाड़ी और रोहतक से डबवाली के बीच भी एक्सप्रेसवे बनेगा। जानिये इन एक्सप्रेसवे से किन-किन जिलों को लाभ मिलेगा।
दिल्ली-अंबाला एक्सप्रेसवे
हरियाणा के तीन नए एक्सप्रेसवे से लोगों की यात्रा सुखद बनाएंगे। इनमें पहला एक्सप्रेसवे दिल्ली के अक्षरधाम से शुरू होकर अंबाला तक जाएगा। इस हाईवे के बन जाने के बाद लोगों को ट्रैफिक की समस्या से छुटकारा मिलेगा। इस हाईवे के बनने से अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और पंचकूला जैसे जिलों को फायदा होगा। इसके अलावा पानीपत, करनाल और सोनीपत में ट्रैफिक की समस्या नहीं होगी। हाईवे से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक सफर मिलेगा। इस एक्सप्रेसवे के बन जाने से यूपी से आने वाले लोग भी दिल्ली में एंट्री करने की बजाए अक्षरधाम से होकर सीधे अंबाला के लिए निकल सकते हैं। ऐसे में जहां लोगों को ट्रैफिक की समस्या से निजात मिलेगी, वहीं एक्सप्रेसवे पर सफर के चलते समय भी बचेगा।
पानीपत-डबवाली एक्सप्रेसवे
दूसरा पानीपत से सिरसा के डबवाली तक बनने वाला हाईवे की लंबाई करीब 300 किलोमीटर है। यह एक्सप्रेस वे 4 लेन का होगा और यह करीब 14 कस्बों को जोड़ेगा। इसमें डबवाली, कालावाली, रोडी, सरदूलगढ़, हांसपुर, रतिया, भूना, सनियाणा, उकलाना, लीतानी, उचाना, नगुरां, असंध और सफीदों जैसे कस्बे शामिल हैं। इस हाईवे से वाहनों का आवागमन आसान हो जाएगा। लोगों को ट्रैफिक मुक्त सफर मिलेगा। इस हाइवे से अलग-अलग क्षेत्रों में व्यापार तेज हो जाएगा, इससे औद्योगिक और कृषि क्षेत्रों में भी तेजी आएगी।
हिसार-रेवाड़ी एक्सप्रेसवे
वहीं तीसरा एक्सप्रेसवे हिसार से रेवाड़ी तक बनेगा। यह एक्सप्रेस वे गुरुग्राम, रोहतक, भिवानी-महेंद्रगढ़ और हिसार जैसे जिलों को कनेक्ट करेगा। इस हाईवे के बन जाने से अंबाला, चंडीगढ़ और पंजाब तक की कनेक्टिविटी में सुधार होगा। प्रदेश के जिलों को बेहतर सड़क नेटवर्क मिलेगा, जिसकी सहायता से व्यापार में तेजी आएगी। इसके अलावा पर्यटन के क्षेत्र में नए अवसर मिलेंगे। इन परियोजनाओं से आर्थिक और सामाजिक विकास को गति मिलेगी। प्रदेश के संपूर्ण विकास में एक्सप्रेसवे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।