{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana : जेल काटने वालों को किया जाएगा सम्मानित, समारोह में कई बड़े नेता होंगे शामिल

 
Haryana: 25 जून 1975 में लगी इमरजेंसी के दौरान कई सिखों ने जेल काटी थी। जेल काटने वाले सिखों के परिवार वालों के सम्मान में अब 26 जून 2025 को एक समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। इस बारे में जानकारी हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने दी हैं। झींडा ने कहा कि इस समारोह के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय नेताओं को आने का न्योता दिया है। झींडा ने हेड ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 25 जून 1975 को उस वक्त की सरकार ने लोकतंत्र को कुचलते हुए इमरजेंसी थोप दी थी। आम लोगों की आवाज को दबाया गया, विपक्ष के नेताओं को जेल में ठूंसा गया और मुल्क में अघोषित तानाशाही शुरू हो गई।

24 जून को अरदास में अखंड पाठ होंगे

झींडा ने कहा कि उस दिन की याद में 24 जून को गुरुद्वारा साहिब में अरदास और अखंड पाठ होंगे। जगह-जगह संगत इकट्ठा होकर लोकतंत्र की बहाली के लिए लड़ी गई लड़ाई को याद करेगी। हालांकि इमरजेंसी 25 जून लगी थी तो कार्यक्रम 25 को होना था, मगर उस दिन कमेटी का कार्यक्रम पहले से तय है।

इमरजेंसी में जेल गए लोगों का किया जाएगा सम्मान

प्रधान झींडा ने बताया कि 26 जून को खास कार्यक्रम आयोजित कर उन लोगों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्हें लोकतंत्र की लड़ाई लड़ने के चलते जेल में डाला गया था। इसमें पूर्व सांसद, सामाजिक कार्यकर्ता, बुजुर्ग और उन युवाओं को भी बुलाया जाएगा जो उस दौर में यातनाएं झेल चुके हैं। इसके लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, मनोहर लाल और सीएम नायब सैनी को न्योता भेजा गया है।