Hydrogen Vehicles: देश में हाइड्रोजन वाहनों का संचालन लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में भारत सरकार ने एक बड़ा फैसला किया है। अब हाइड्रोजन वाहनों के लिए नई नंबर प्लेट शुरू करने का प्रस्ताव दिया है। ये प्रस्ताव प्राइवेट, कमर्शियल और कैब की नंबर प्लेट के लिए भेजा गया है। इसके मुताबाकि ट्रांसपोर्ट वाहनों की नंबर प्लेट हरी होगी और उस पर पीले रंग के नंबर होंगे।
जानें किस रंग की होगी नंबर प्लेट
वहीं कैब की नंबर प्लेट काली होगी और उस पर भी पीले नंबर होंगे। सभी हाइड्रोजन गाड़ियों (प्राइवेट) की नंबर प्लेट नीली होगी और उस पर सफेद रंग के नंबर लिखे होंगे। आपको बता दें कि हाइड्रोजन वाहन एक ऐसा नया तरीका है, जिसमें पेट्रोल-डीजल की जगह हाइड्रोजन गैस को ईंधन के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।
जानें सरकार ने कब कि थी 'हाइड्रोजन मिशन' की शुरुआत
भारत सरकार ने 4 जनवरी 2023 को राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन की शुरुआत की थी। इस मिशन के लिए सरकार ने 19,744 करोड़ रुपये का बजट रखा है, जो वित्त वर्ष 2029-30 तक खर्च किया जाएगा। इस योजना का मकसद है कि भारत ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भर बने और हाइड्रोजन तकनीक में दुनिया में आगे रहे।
प्रदूषण भी कम
इससे न सिर्फ प्रदूषण कम होगा बल्कि पेट्रोल-डीजल जैसी चीजों के आयात (import) पर निर्भरता भी घटेगी। साल 2021 में सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी खुद टोयोटा मिराई नाम की हाइड्रोजन कार में बैठकर संसद पहुंचे थे, जिससे यह साफ हुआ कि सरकार इस तकनीक को गंभीरता से आगे बढ़ा रही है।