मौसी ने दो साल के मासूम का घोंटा गला, फिर पार्क में लेकर बैठी रही लाश; ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस को सूचना मिली कि SFS फ्लैट्स स्थित एक पार्क में 30 साल की आजरा नामक महिला ने 1 साल 9 महीने के बच्चे का गला दबा दिया है। वारदात के वक्त एक स्थानीय निवासी ने बहादुरी दिखाते हुए बच्चे को महिला के चंगुल से छुड़ाया और तुरंत पास के न्यू लाइफ अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया।
मृतक बच्चे की पहचान हादी के रूप में हुई है, जो अपने पिता आदिल के साथ पुराना सीलमपुर में रहता था। जानकारी के अनुसार, हादी अपनी मां उजमा के साथ मुखर्जी नगर स्थित अपने ननिहाल आया हुआ था। घटना की सूचना मृतक के मामा ने पुलिस को दी। वहीं आरोपी महिला आजरा को वारदात के बाद बेसुध हालत में पाया गया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
आसपास के लोगों और पार्क में वॉक करने आए लोगों ने बताया कि पार्क में काम करने वाले एक माली ने महिला को बच्चे का गला दबाते हुए देखा। शोर मचाने पर स्थानीय लोग इकट्ठा हुए और बच्चे को महिला की गोद से छुड़ाकर अस्पताल लेकर पहुंचे। फिलहाल पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए बाबू जगजीवन राम अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की जांच और परिवार वालों से पूछताछ लगातार जारी है। इसके बाद ही साफ हो पाएगा कि आखिरकार हत्या की वजह क्या थी।