RBI ने KYC को लेकर जारी किया बड़ा अपडेट, बैंक ग्राहकों को मिलेगी राहत; जानें कैसे
Jun 22, 2025, 13:21 IST
RBI Update: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने ग्राहकों को KYC अपडेट को लेकर एक बड़ी राहत दी है। RBI ने KYC नियमों में नई गाइडलाइन जारी की है। जिसके बाद अब बैंक ग्राहकों को बड़ी राहत मिलने वाली है। बता दें कि अब आपको KYC करने के लिए बैंक की होम ब्रांच में जाने की जरूरत नहीं होगी। ऐसे में अगर आप सालों से बंद पड़े बैंक अकाउंट को फिर से चालू करना चाहते हैं तो यह बेहद आसान हो गया है।
RBI नई गाइडलाइन की जारी
नए नियमों के अनुसार बैंक ग्राहकों को अब KYC करवाने के लिए लंबी लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। RBI ने अनक्लेम्ड डिपॉजिट के लिए भी नई गाइडलाइन जारी की है। जानकारी के मुताबिक, RBI ने KYC नियमों में कई बदलाव किए हैं। इस नए बदलाव के तहत बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट या BC भी KYC अपडेट या पीरियोडिक अपडेट कर सकेंगे।KYC अपडेट करने की दी मंजूरी
बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट में किराना स्टोर मालिक, NGO, SHG, MFI जैसे संगठन के लोगों को भी KYC अपडेट करने की मंजूरी दी गई है। अगर किराना दुकानदार को बैंक से अनुमति मिल जाती है तो वे KYC अपडेट कर सकेंगे। इससे उन लोगों को फायदा होगा जो बैंक की किसी शाखा में नहीं जा सकते हैं। बैंक ने होम ब्रांच के अलावा किसी भी शाखा से KYC अपडेट करने की सुविधा भी दी है। नए नियम के अनुसार बैंक अब वीडियो-आधारित ग्राहक पहचान प्रक्रिया (वी-सीआईपी) के जरिए केवाईसी अपडेट भी देंगे। इस सुविधा का फायदा खासकर बुजुर्गों, एनआरआई और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले ग्राहकों को होगा क्योंकि वे घर बैठे वीडियो कॉल के जरिए अपनी पहचान प्रमाणित कर सकेंगे।जानें कैसे काम करेगा KYC अपडेट
- BC के पास आपको बायोमेट्रिक आधारित ई-केवाईसी प्रमाणीकरण से गुजरना होगा।
- अगर इलेक्ट्रॉनिक मोड उपलब्ध नहीं है, तो आप फिजिकल फॉर्म में सेल्फ-डिक्लेरेशन दे सकते हैं।
- BC को ये डिक्लेरेशन और जरूरी दस्तावेज जल्द से जल्द बैंक की शाखा में भेजने होंगे। बीसी आपको डिक्लेरेशन या दस्तावेज जमा करने की रसीद भी देगा।
- बैंक आपका केवाईसी रिकॉर्ड अपडेट करेगा और आपको सूचित करेगा कि रिकॉर्ड अपडेट हो गया है।
- KYC अपडेट के लिए बैंक पूरी तरह जिम्मेदार होगा। बीसी की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी।