{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Rajasthan News: पति को छोड़कर प्रेमी संग रहने लगी थी पत्नी, पति ने उठाया ये खौफनाक कदम, अब पत्नी प्रेमी गिरफ्तार 

 
भादरा (हनुमानगढ़): राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। हनुमानगढ़ जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना के निर्देशन में भादरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने वाले दो आरोपियों को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर मृतक धर्मपाल की पत्नी कविता और उसके साथी कुलदीप को धर दबोचा है।

घटनाक्रम के अनुसार 4 अप्रैल 2026 को भादरा के राजकीय महाविद्यालय के बीहड़ में एक व्यक्ति और उसके पुत्र का शव फांसी के फंदे से लटका मिला था। सूचना पर भादरा वृताधिकारी संजीव कटेवा और थानाधिकारी हनुमानाराम बिश्नोई ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और एफएसएल टीम की मदद से जांच शुरू की। 

मृतक के भाई भगत सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि धर्मपाल की पत्नी कविता अपने पुत्र वैदिक को लेकर कपिल (कुलदीप) नाम के व्यक्ति के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। करीब दो माह पूर्व हुई एक सामाजिक पंचायत के बाद वैदिक अपने पिता धर्मपाल के साथ रहने लगा था, जिसके बाद से ही कविता और कुलदीप उसे जान से मारने की धमकियां देकर प्रताड़ित कर रहे थे। इसी मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर धर्मपाल ने अपने मासूम बेटे के साथ आत्मघाती कदम उठा लिया।

पुलिस ने मामले में त्वरित संज्ञान लेते हुए बीएनएस की धारा 108 और एससी/एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया। संजीव कटेवा के सुपरविजन और थानाधिकारी हनुमानाराम के नेतृत्व में टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की और 24 घंटे के अंदर आरोपी कविता निवासी मलसीसर और कुलदीप निवासी किठाना (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया। 

इस पूरी कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह, कांस्टेबल रणजीत सिंह और महिला कांस्टेबल बसकला की अहम भूमिका रही। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि प्रकरण के अन्य पहलुओं का खुलासा किया जा सके।