Haryana News: हरियाणा में अब घर बैठे रोडवेज बसों की लोकेशन देख सकेंगे यात्री, शुरू हुआ ट्रायल, जानें क्या होगा फायदा
Jun 10, 2025, 06:49 IST
Haryana News: हरियाणा के बस यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। दरअसल, अब ट्रेन की तरह बसों की भी लोकेशन मोबाइल पर आसानी से दिख सकेगी। यानी अब बस स्टैंड या स्टॉप पर खड़े होकर यात्री को अंदाजा लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी कि बस कब आएगी। ऐसा इसलिए है क्योंकि प्रदेश में रियल टाइम लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम का ट्रायल शुरू कर दिया गया है। 150 बसों में कनेक्ट किया गया सिस्टम दरअसल, हरियाणा रोडवेज ने यात्रियों को राहत देने के लिए बसों में रियल टाइम लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम का ट्रायल शुरू किया है। पहले फेज में प्रदेश की 150 बसों को इस सिस्टम से कनेक्ट किया गया है। जिनमें रोहतक डिपो की 10 एसी बसें भी शामिल हैं। यह सिस्टम पूरी तरह से रेलवे के पैटर्न पर तैयार होगा। खबरों की मानें, तो रोडवेज विभाग की ओर से यह सुविधा पहले प्रदेश की एसी बसों में दी जाएगी। अगर योजना सफल रही तो दूसरे चरण में सामान्य बसों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। एक हफ्ते में पूरा होगा ट्रायल बताया जा रहा है कि रोडवेज मुख्यालय पर एक कंट्रोल सिस्टम बनाया गया है, जिससे सभी ट्रायल बसों की मूवमेंट हर पल मॉनिटर की जा सकेगी। बस कहां से चली, किस रूट पर है, स्टॉपेज तक कितने मिनट में पहुंचेगी। यह सारी जानकारी एप के माध्यम से यात्रियों को मिलेगी। यात्री बस की लाइव लोकेशन देख सकेंगे। इससे यात्रियों को घंटों तक खड़े होकर स्टैंड पर इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अधिकारियों का कहना है कि कि ट्रायल एक सप्ताह में पूरा होगा। इसके बाद गूगल प्ले स्टोर पर एप लॉन्च किया जाएगा। क्या बोले डिपी इंचार्ज खबरों की मानें, तो रोहतक बस डिपो के इंचार्ज हंसराज ने बताया कि एसी बसों की जानकारी यात्रियों को एप के जरिए देने के लिए ट्रायल चल रहा है। यह जल्द सफल होने की उम्मीद है। इसमें प्रदेश की बसों के साथ रोहतक की भी 10 एसी बसें शामिल हैं। जिससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी।