{"vars":{"id": "128336:4984"}}

नीरज चोपड़ा ने फिर रचा इतिहास, Ostrava Golden Spike का जीता खिताब

 
Ostrava Golden Spike: हरियाणा के गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। नीरज ने चेक गणराज्य में आयोजित ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक में स्वर्ण पदक (Gold Medal) जीतकर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने तीसरे राउंड में 85.29 मीटर का भाला फेंककर ये इतिहास रचा है। दक्षिण अफ्रीका के डोव स्मिट ने दूसरे राउंड में 84.12 मीटर का भाला फेंका, जो 6 राउंड में उनका सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा। वह दूसरे स्थान पर रहे। वहीं ग्रेनेडा के पीटर एंडर्सन ने 83.63 मीटर भाला फेंका। वह तीसरे स्थान पर रहे।

दो साल बाद जीता खिताब

आपको बता दें कि कुछ दिन पहले नीरज चोपड़ा ने जर्मनी के जूलियन वेबर को पछाड़ते हुए दो साल बाद अपना पहला डायमंड लीग खिताब जीता। इससे पहले नीरज पेरिस डायमंड लीग में दो बार लगातार दूसरे स्थान पर रहे थे। इस बार चोपड़ा ने पहले राउंड में 88.16 मीटर का थ्रो फेंककर खिताब अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में 90 मीटर क्लब के पांच प्रतियोगी शामिल थे। उनका दूसरा थ्रो 85.10 मीटर का था और उन्होंने अगले तीन प्रयासों में फाउल किया। छठे और अंतिम प्रयास में उन्होंने 82.89 मीटर का थ्रो फेंका। वेबर ने अपने पहले थ्रो में 87.88 मीटर का थ्रो फेंककर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि ब्राजील के लुइज मौरिसियो दा सिल्वा ने तीसरे राउंड में 86.62 मीटर का थ्रो फेंककर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

जेलेजनी की विरासत जीत को और भी बनाती है सार्थक 

नीरज के कोच जान जेलेजनी ने अपने शानदार करियर के दौरान नौ बार गोल्डन स्पाइक जीता है। वह स्टेडियम में मौजूद थे। इससे नीरज चोपड़ा को अतिरिक्त प्रेरणा मिली। 27 वर्षीय भारतीय एथलीट ने फिटनेस संबंधी चिंताओं के कारण पिछले दो संस्करणों में भाग नहीं लिया था। उन्होंने इस प्रतिष्ठित मीट में अपनी शुरुआत की और खिताब जीता। नीरज का अगला पड़ाव 5 जुलाई को बेंगलुरु में एनसी क्लासिक होगा। वह खुद इसकी मेजबानी कर रहे हैं।