{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryanvi Model Sheetal Murder: हरियाणवी मॉडल की लाश नहर में मिली, टैटू से हुई पहचान, बॉयफ्रेंड से हुआ था झगड़ा

 
Haryanvi Model Sheetal Murder: हरियाणा की म्यूजिक इंडस्ट्री में एक्टिंग का जलवा बिखेरने वाली शीतल उर्फ सिम्मी चौधरी की जिंदगी दर्दनाक मोड़ पर आकर थम गई है। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने शीतल का मर्डर कर दिया है और उसका शव गांव खांडा के पास एनसीआर वाटर चैनल से बरामद किया है। उसके हाथ और छाती पर बने हुए टैटू से पहचान हुई है। पुलिस के मुताबिक, शीतल का शव बरामद हुआ है। वह पानीपत की सतकरतार कॉलोनी में रह रही थी और मूल रुप से गांव खलीला माजरा  की रहने वाली थी। वहीं शिम्मी की बहन नेहा ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन का उसके बॉयफ्रेंड से झगड़ा हुआ था और वो जबरन कहीं ले जा रहा था। यह बात शीतल ने अपनी बहन को वीडियो कॉल पर बताई थी और इसके बाद उसका शीतल से कोई संपर्क नहीं हो पाया था। जिसके बाद उसने मामले की शिकायत पुलिस से की थी।

अपनी बहन के साथ रह रही थी शीतल

बताया जा रहा है कि शीतल म्यूजिक एल्बम्स में बतौर मॉडल और एक्ट्रेस काम कर रही थी। पिछले कुछ समय से वह अपनी बहन नेहा के साथ पानीपत में रह रही थी। बीते रविवार को नेहा ने ओल्ड इंडस्ट्रियल थाना में शीतल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस को छानबीन के दौरान नहर से एक कार भी मिली, जो कथित तौर पर शीतल के बॉयफ्रेंड की बताई जा रही है।

क्या बोली पुलिस

थाना प्रभारी प्रेम ने जानकारी दी है कि शव की पहचान की पुष्टि के लिए पानीपत पुलिस से संपर्क किया गया है। मृतका की बहन और परिवार को सूचित कर दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है और हर एंगल से जांच की जा रही है।