Haryana New District Update: हरियाणा में नए जिले और तहसीलों के गठन पर कैबिनेट सब कमेटी की बैठक में क्या फैसला हुआ?
Haryana New District Update: हरियाणा में नए जिले, तहसील और सब-तहसील बनाने के मुद्दे पर मंगलवार को चंडीगढ़ में कैबिनेट सब कमेटी की बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने की। बैठक में दो प्रस्तावों को अनुशंसा प्रदान की गई, जिसमें सिरसा और सोनीपत जिले के कुछ गांवों को नई तहसीलों में शामिल करने की सिफारिश की गई।
सिरसा और सोनीपत के गांवों के लिए बदलाव प्रस्तावित
बैठक में निर्णय लिया गया कि सिरसा जिले के रंगा, लहंगेवाला, मत्तड़ और अलीकां गांवों को कालांवाली तहसील से हटाकर सिरसा तहसील में शामिल किया जाएगा।
इसके अलावा, सोनीपत जिले के ज्वारा गांव को गोहाना से हटाकर पानीपत जिले में शामिल करने की सिफारिश की गई। इन प्रस्तावों को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अंतिम मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। बैठक में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल और कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा भी मौजूद रहे।
अब तक 27 प्रस्ताव हुए पास
बैठक में बताया गया कि नए जिले, तहसील और उप-तहसील के गठन के लिए कुल 27 प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। इससे पहले की बैठक में चार प्रस्तावों की अनुशंसा कर मुख्यमंत्री को भेजा जा चुका है। कृष्ण लाल पंवार ने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपायुक्तों को लंबित प्रस्तावों की रिपोर्ट जल्द से जल्द सब-कमेटी को भेजने के निर्देश दिए जाएं।
हरियाणा में बन सकते हैं 5 नए जिले
हरियाणा में वर्तमान में 22 जिले हैं, लेकिन पांच नए जिले बनाने के प्रस्ताव सरकार के पास आए हैं। ये प्रस्तावित जिले हैं:
- असंध
- हांसी
- गोहाना
- सफीदों
- डबवाली
अगर इन प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है तो हरियाणा में जिलों की संख्या बढ़कर 27 हो जाएगी। हालांकि, इन जिलों के गठन पर अंतिम निर्णय लेने में अभी समय लग सकता है।
बीजेपी पहले ही 22 जिलों की जगह 27 संगठनात्मक जिले गठित कर चुकी है, जिससे नए जिलों के गठन की संभावना बढ़ गई है।