Haryana Ias Officers : हरियाणा में इस साल रिटायर होंगे 9 आईएएस अधिकारी, अशोक खेमका की कल रिटायरमेंट, देखें लिस्ट
Apr 29, 2025, 16:33 IST
Haryana Ias Officers : हरियाणा के 9 आईएएस (भारतीय प्रशासनिक सेवा) अधिकारी इसी साल में सेवानिवृत्त होंगे। इनमें प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी भी शामिल हैं। रस्तोगी की रिटायरमेंट 30 जून को होगी। विवेक जोशी के भारत का चुनाव आयुक्त बनने के बाद रस्तोगी को मुख्य सचिव बनाया गया। विवेक जोशी ने समय से पहले सेवानिवृत्ति (वीआरएस) ले ली थी। वहीं अकसर सुर्खियों में रहने वाले आईएएस डॉ. अशोक खेमका बुधवार को रिटायर होंगे। अशोक खेमका वर्तमान में कैबिनेट मंत्री अनिल विज के परिवहन विभाग में विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पद पर कार्यरत हैं। बार-बार तबादलों और सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट से चर्चाओं में रहने वाले अशोक खेमका उस समय सबसे अधिक चर्चा में आए थे, जब उन्होंने हुड्डा सरकार में चकबंदी निदेशक रहते हुए गुरुग्राम में डीएलएफ और राबर्ट वाड्रा के बीच हुए भूमि सौदे की म्युटेशन रद्द करने के आदेश दिए थे। भिवानी के डीसी महावीर कौशिक की रिटायरमेंट भी मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के साथ ही 30 जून को होनी है। उनसे पहले ग्रामीण विकास विभाग के निदेशक व विशेष सचिव जय कृष्ण अबहीर सेवानिवृत्त होंगे। उनकी रिटायरमेंट 31 मई को है। रजिस्ट्रार सहकारी समितियां, हरियाणा राजेश जोगपाल 30 सितंबर को सेवानिवृत्त होंगे। जोगपाल खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निदेशक भी हैं। परिवहन विभाग के महानिदेशक सुजान सिंह 31 अक्तूबर को रिटायर होंगे। गुरुग्राम नगर निगम के आयुक्त अशोक कुमार गर्ग की सेवानिवृत्त 30 नवंबर को होगी। गुरुग्राम जिला के डीएमसी (जिला पालिका आयुक्त) की जिम्मेदारी भी अशोक कुमार गर्ग के पास ही है। गुरुग्राम के मंडलायुक्त रमेश चंद्र बिढ़ान की रिटायरमेंट 31 दिसंबर को होगी। उनके पास गुरुग्राम स्थित हिपा (हरियाणा इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन) के महानिदेशक का कार्यभार भी है। वर्तमान में प्रदेश में कुल 172 आईएएस कार्यरत हैं। मुख्य सचिव के लिए लॉबिंग अनुराग रस्तोगी की रिटायरमेंट 30 जून को होने की वजह से मुख्य सचिव पद को लेकर लॉबिंग शुरू हो गई है। वर्तमान में 1990 बैच के सुधीर राजपाल प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी में सबसे वरिष्ठ अधिकारी हैं। वर्तमान में वे स्वास्थ्य व आयुष विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हैं। महिला एवं बाल विकास के अतिरिक्त मुख्य सचिव का जिम्मा भी उनके पास है। इसी बैच की आईएएस व प्रदेश की होम सेक्रेटरी डॉ. सुमिता वरिष्ठता में दूसरे नंबर पर हैं। इसी बैच के आईएएस और कृषि विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजा शेखर वुंडरू का नाम भी सुधीर राजपाल और सुमिता मिश्रा की तरह मुख्य सचिव पद के लिए चर्चा में है।