{"vars":{"id": "128336:4984"}}

हरियाणा में ईद की छुट्टी रद्द, नायब सैनी सरकार ने लिया बड़ा फैसला, जानें क्यों रद्द हुई ईद की छुट्टी?

 

चंडीगढ़ : हरियाणा में इस बार ईद पर सरकारी छुट्टी नहीं मिलेगी। नायब सिंह सैनी की अगुवाई वाली बीजेपी सरकार ने नया नोटिफिकेशन जारी कर ईद की गजेटेड छुट्टी को रद्द कर दिया है। इसे अब रेस्ट्रिक्टेड हॉलीडे (RH) में बदल दिया गया है। यानी ये छुट्टी अब वैकल्पिक होगी और हर कर्मचारी को नहीं मिलेगी।

क्यों रद्द हुई ईद की छुट्टी?

नोटिफिकेशन के मुताबिक, 29 और 30 मार्च को शनिवार-रविवार होने की वजह से पहले से छुट्टी है। वहीं, 31 मार्च (सोमवार) को फाइनेंशियल ईयर 2024-25 का आखिरी दिन है। सरकार चाहती है कि इस दिन सारे कामकाज सुचारू रूप से हों। इसी वजह से ईद की छुट्टी को गजेटेड की जगह रेस्ट्रिक्टेड हॉलीडे कर दिया गया। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने भी 31 मार्च को जरूरी सेवाओं और सरकारी लेनदेन के लिए काम करने के निर्देश दिए हैं। इसका मतलब है कि बैंकिंग सेवाएं भी इस दिन चलती रहेंगी।

नोटिफिकेशन में क्या लिखा है?

हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने ये नोटिफिकेशन जारी किया है। इसमें साफ कहा गया है कि ईद की छुट्टी अब विकल्प के तौर पर ही उपलब्ध होगी। सरकार का मकसद साल के आखिरी दिन सभी जरूरी काम पूरे करना है। इस साल ईद-उल-फितर 31 मार्च या 1 अप्रैल को पड़ सकती है, क्योंकि रमजान 2 मार्च से शुरू हुआ था। ईद की तारीख का ऐलान 30 मार्च को चांद देखने के बाद होगा।

क्या होगा असर?

इस फैसले से जहां सरकारी दफ्तर और बैंक खुले रहेंगे, वहीं मुस्लिम समुदाय के कर्मचारी जरूरत पड़ने पर छुट्टी ले सकेंगे। लेकिन ये गजेटेड हॉलीडे न होने की वजह से सभी को नहीं मिलेगी। सरकार का ये कदम फाइनेंशियल ईयर की क्लोजिंग को प्राथमिकता देने का संदेश देता है। अब देखना ये है कि लोग इस फैसले पर क्या रिएक्शन देते हैं।