Haryana Crime News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-44 पर शुक्रवार की रात बदमाशों ने शराब ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने ठेकेदार को सात गोलियां मारी थी। राहगीरों की मदद से ठेकेदार को शाहाबाद के आदेश मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बदमाशों ने ठेकेदार को मारी सात गोलियां
जानकारी के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार की रात करीब आठ बजे की है। मारकंडा पुल के पास बदमाशों ने ठेकेदार को मार डाला। मृतक की पहचान झज्जर के गांव मातल निवासी शराब ठेकेदार शांतनु (35) के रुप में हुई है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार दो बदमाशों ने शांतनु पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में शांतनु को 7 गोलियां लगीं। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सिगरेट पीने के लिए दुकान पर रोकी थी कार
बताया जा रहा है कि शांतनु अपनी कार से अम्बाला की ओर जा रहा था। उनके साथ ड्राइवर और एक रिश्तेदार भी था। एक दुकान पर उन्होंने सिगरेट पीने के लिए अपनी कार रोकी थी। तभी बिना नंबर की बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और फायरिंग करना शुरू कर दिया। दावा किया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 9 राउंड फायर किए। जिनमें से 7 गोलियां शांतनु को लगीं। वहीं ड्राइवर और रिश्तेदार ने राहगीरों की मदद से बदमाशों को पकड़ना चाहा, लेकिन बदमाश अपनी बाइक छोड़कर हाईवे के दूसरी ओर पहुंच गए। दूसरी साइड पर बदमाशों ने एक युवक को पिस्टल दिखाकर उसकी बाइक छीन ली और अंबाला की ओर फरार हो गए। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शांतनु ने लिए थे 18 ठेके
खबरों की मानें, तो शांतनु कई साल से शाहाबाद और इसके आसपास के क्षेत्रों में शराब के ठेके लेता था। हाल ही में उसने शाहाबाद दो प्रमुख और आसपास के गांवों के कुल 18 शराब ठेके लिए थे। इन ठेकों की राशि करीब 19 करोड़ रुपये तय हुई थी। 12 जून तक हाईवे-44 पर शराब ठेकों को संचालित करने की परमिशन थी। शुक्रवार को शांतनु हाईवे से ठेकों को अंदर की ओर शिफ्ट करा रहा था।