Haryana News: हरियाणा सीएम नायब सैनी के आवास को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बढ़ाई गई सुरक्षा, जानें मेल में क्या लिखा
Haryana News: हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आवास और सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। खबरों की मानें, तो चंडीगढ़ स्थित CM आवास संत कबीर कुटीर और सचिवालय में फिदायीन हमले की धमकी दी गई है। जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई है और मुख्यमंत्री के आवास और सचिवालय की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीआईडी के सीनियर अधिकारियों को ईमेल भेजकर कहा गया कि दोनों जगह फिदायीन हमले किए जाएंगे। इस ईमेल की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस की टीमें एक्टिव हो गईं है और तुरंत ही मुख्यमंत्री आवास और सचिवालय की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है।
बताया जा रहा है कि सचिवालय में अनाउंसमेंट कराकर बिल्डिंग खाली कराई गई। अधिकारियों ने कहा कि सचिवालय में कोई भी कर्मचारी किसी भी फ्लोर पर न रहे। बिल्डिंग और आसपास के इलाके में बम और डॉग स्क्वायड बुलाकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। हालांकि, 3 घंटे की जांच के बाद दोनों जगह कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
यह धमकी शुक्रवार को दी गई। वहीं जिस समय यह धमकी आई। उस समय मुख्यमंत्री नायब सैनी अपने आवास पर नहीं थे। वह रोहतक के पहरावर गांव में परशुराम जयंती पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मौजूद थे।