{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana: हरियाणा के सरकारी स्कूलों पर लटकी CBI की तलवार, इस बड़े गबन मामले में हो रही जांच

 
Haryana: हरियाणा के सरकारी स्कूलों में साल 2014 से 2016 के बीच कथित दाखिला और मिड-डे मिल गबन मामले में CBI टीम एक्शन मोड में आई है। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशानुसार CBI टीम की जांच में सहयोग करने को लेकर शिक्षा निदेशालय की तरफ से बाकायदा संबंधित स्कूलों के प्रधानाचार्य, हेडमास्टर व मुखिया को पत्र भी जारी किया गया है।

स्कूलों का पूरा ब्योरा जब्त कर रही CBI

CBI की टीम एक प्रोफार्मा के तहत स्कूलों में जाकर उस अवधि में स्कूलों में होने वाले नामांकन संख्या, ग्रांट रजिस्टर, ट्रेजरी रिकॉर्ड, इंसेंटिव, कैशबुक, वर्दी व स्टेशनरी का पूरा ब्योरा जब्त कर रही है। CBI के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इनमें सबसे ज्यादा रेवाड़ी के 10 स्कूलों को पहले चरण में जांच के लिए चिह्नित किए गए हैं।

स्कूलों में जांच का शेड्यूल तैयार

रोजाना तारीख के हिसाब के स्कूलों में जांच का शेड्यूल तैयार किया गया है। शिक्षा विभाग को मामले से संबंधित महत्वपूर्ण क्या-क्या रिकॉर्ड और प्रधानाचार्य, हेडमास्टर व मुखिया की मौके पर उपस्थिति रहने व सहयोग के लिए निर्देशित भी किया गया है। गौरतलब हो कि 2016 में यह मामला उजागर हुआ था।

चार लाख बच्चों का फर्जी नामांकन दिखाया

उस समय स्कूलों में 22 लाख बच्चों का नामांकन दिखाया गया था, जबकि कुल संख्या 18 लाख निकली थी। आरोप है कि सरकारी योजनाओं के फंड गबन करने के लिए चार लाख बच्चों का फर्जी नामांकन दिखाया गया था। पहले इस मामले की जांच हरियाणा पुलिस रही थी। जबकि, साल 2019 से हाईकोर्ट ने CBI को मामले की जांच करने के निर्देश दिए।