{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana : हरियाणा में 6 हजार घरों पर चलेगा प्रशासन का पीला पंजा, भेजा नोटिस

 
Haryana : हरियाणा के फरीदाबाद में नगर निगम और वन विभाग बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है। फरीदाबाद की अरावली पर्वत श्रृंखला में प्रशासन ने 6,000 मकानों पर बुलडोजर चलाने के लिए मकान मालिकों को नोटिस भेजा है। प्रशासन ने सभी मकान मालिकों को अवैध निर्माण हटाने के लिए 15 दिन का समय दिया है।

कुछ इलाकों में बुलडोजर कार्रवाई शुरू

प्रशासन ने नोटिस में कहा है कि अगर तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो जिला प्रशासन द्वारा बड़े स्तर पर तोड़फोड़ की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा। प्रशासन ने कुछ इलाकों में बुलडोजर चलाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है, जिसमें ध्वस्तीकरण के लिए छह बुलडोजर लगाए गए हैं। यह पूरी कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अरावली से अवैध निर्माण हटाने की प्रक्रिया चल रही है।

चार गांवों में 6793 अवैध निर्माण पाए

आपको बता दें कि अरावली पर्वत श्रृंखला में आनंगपुर, आंखिर, लकड़पुर और मेवला महाराजपुर गांव में सबसे अधिक अवैध निर्माण बसाए गए हैं जिन्हें प्रशासन ने 15 दिन में खुद ही तोड़ने के लोगों को आदेश जारी किए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार इन चार गांवों में 6793 अवैध निर्माण पाए गए हैं। इसकी पूरी लिस्ट जिला प्रशासन ने तैयार कर ली है, इन्हें नोटिस भी दिए जा चुके हैं।

6000 से ज्यादा अवैध निर्माणों को दिया नोटिस

वन विभाग ने इस पूरे इलाके का सर्वे भी करवाया था जिसकी रिपोर्ट में बताया गया था कि 6000 के करीब अवैध निर्माण हो चुके हैं। साल की शुरुआत में फिर से वन विभाग ने सभी 700 जगह पर बने 6000 से ज्यादा अवैध निर्माणों को नोटिस दिया, जिसके बाद उनमें से सिर्फ 50 को ही तोड़ा गया है।