Sensational Attack: ड्यूटी पर तैनात ASI को धनुष-बाण से मारा, सीने में धंसा तीर; गंभीर रूप से घायल
May 24, 2025, 12:19 IST
Sensational Attack: अक्सर आए दिन रंजिश के चलते या लड़ाई झगड़ों में गोली या अन्य हथियारों से किसी के घायल होने की खबरें सामने आती रहती हैं। लेकिन इस बार एक युवक ने ASI को किसी हथियार से नहीं बल्कि धनुष-बाण से गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह मामला लखनऊ से सामने आया है। यहां के हजरतगंज स्थित केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) दफ्तर में शुक्रवार को एक गंभीर घटना घटी जिसने सबको हैरान कर दिया है। सीने में धंसा तीर बता दें कि गार्ड कमांडर ASI वीरेंद्र पर एक व्यक्ति ने धनुष-बाण से हमला कर दिया, जिससे उनके सीने में तीर धंस गया। सुरक्षाकर्मियों और ट्रैफिक पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हमलावर को पकड़ लिया और हमले में प्रयुक्त धनुष-बाण बरामद कर लिया। घायल एएसआई को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जानें मामला ASI वीरेंद्र सीबीआई दफ्तर के मुख्य गेट पर शुक्रवार दोपहर को ड्यूटी पर तैनात थे। उसी दौरान, बिहार के मुंगेर जिले का निवासी दिनेश मुर्मुर नामक व्यक्ति मटमैले रंग का स्वेटर पहने परिसर में घुसा। वीरेंद्र ने उसे परिसर में बैठने से मना किया, जिसके बाद दिनेश ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद, उसने झोले से धनुष-बाण निकालकर ASI पर हमला कर दिया। तीर वीरेंद्र के सीने में धंस गया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर अन्य सुरक्षाकर्मियों और ट्रैफिक पुलिस ने दौड़कर हमलावर को पकड़ लिया। CBI दफ्तर की सुरक्षा पर उठे सवाल इस घटना ने CBI दफ्तर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, CBI के अधिकारियों ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। डीसीपी मध्य आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि जानलेवा हमला समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर दिनेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पहले भी दो बार जा चुका जेल पुलिस जांच में पता चला है कि दिनेश मुर्मुर मानसिक रूप से असंतुलित हो सकता है और वह पहले भी दो बार जेल जा चुका है। वह किसी केस को लेकर भ्रमित था, जिसके चलते उसने यह हमला किया। इससे पहले, वह सीबीआई दफ्तर में वेतन संबंधी मामलों को लेकर कई बार आ चुका था।