{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 Air Travel: महंगी होगी हवाई यात्रा, इस एयरलाइन ने भी लगाया फ्यूल सरचार्ज

 
 Air Travel: पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का प्रभाव अब हवाई यात्रा पर होगा। Akasa Air ने शनिवार को टिकटों पर फ्यूल सरचार्ज लगाने का ऐलान कर दिया है। इससे पहले Air India और IndiGo भी यह घोषणा कर चुकी है।

कंपनी ने बताया कि ATF की कीमतों में बढ़ोत्तरी की वजह से यह फैसला लिया गया है। पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और युद्ध के कारण ऊर्जा बाजार में अस्थिरता बढ़ी है, जिसका सीधा प्रभाव एयरलाइंस के खर्च पर पड़ रहा है।

15 मार्च से लागू होगा नया सरचार्ज
Akasa Air के प्रवक्ता के मुताबिक, 15 मार्च की रात 12:01 बजे से की जाने वाली सभी नई बुकिंग पर फ्यूल सरचार्ज लागू होगा। यह सरचार्ज ₹199 से लेकर ₹1,300 प्रति सेक्टर तक होगा और यह घरेलू तथा इंटरनेशनल दोनों तरह की उड़ानों पर लागू रहेगा। एयरलाइन के अनुसार यह फीस हर सेक्टर के हिसाब से अलग-अलग होगा और उड़ान की अवधि यानी दूरी के आधार पर तय किया जाएगा।

एयरलाइंस के खर्च का बड़ा हिस्सा होता है ईंधन
Akasa Air ने बताया कि किसी भी एयरलाइन के संचालन खर्च का बहुत बड़ा हिस्सा होता है। आमतौर पर ATF एयरलाइन के कुल ऑपरेटिंग खर्च का करीब 35 से 40 फीसदी तक होता है। ऐसे में अगर ईंधन की कीमतों में बढ़ोत्तरी होती है तो इसका सीधा प्रभाव एयरलाइंस की लागत और टिकट कीमतों पर पड़ता है।


Air India और IndiGo पहले ही ले चुकी हैं फैसला
12 मार्च से इससे पहले Air India ने  चरणबद्ध तरीके से फ्यूल सरचार्ज लागू किया था। IndiGo ने भी शनिवार से टिकटों पर फ्यूल सरचार्ज का ऐलान कर दिया है। अब Akasa Air के इस फैसले के बाद माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में हवाई यात्रा का किराया और बढ़ सकता है, क्योंकि ईंधन की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी है।