{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana : हरियाणा CET आवेदन को लेकर BJP और HSSC पर भड़के अभय चौटाला, बोल दिया कुछ ऐसा...

 
Haryana: इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला ने सीईटी आवेदन भरने की तारीख बढ़ाने और पोर्टलों को सुचारू रूप से शुरू करने की मांग करते हुए कहा कि प्रदेश के लाखों बच्चे सरल पोर्टल, इ दिशा और फैमिली आईडी पोर्टल के ठप होने के चलते सीईटी फॉर्म भरने से वंचित हो गए हैं। सीईटी आवेदन न कर पाने के कारण प्रदेश के लाखों अभ्यर्थी हताश और निराश हो गए हैं।

चेयरमैन अपनी गलती न मानते हुए बेशर्मी से कह रहे: अभय चौटाला

सरल पोर्टल, इ दिशा और फैमिली आईडी पोर्टल के ठप होने के कारण डोमिसाइल, ईडब्लयूएस, बीसीबी, बीसीए, डीएससी और ओएससी जैसे आवश्यक दस्तावेज नहीं बनवा सके। पोर्टल ठप होने और अभ्यर्थियों को आ रही दिक्कतों को मीडिया हर रोज प्रकाशित कर रही है लेकिन एचएसएससी के चेयरमैन अपनी गलती न मानते हुए बेशर्मी से कह रहे हैं कि कहीं कोई दिक्कत नहीं आ रही सब एक दम सही चल रहा है।

ठप पड़े फेल पोर्टल से लाखों युवाओं का सपना चकनाचूर

बीजेपी सरकार के ठप पड़े फेल पोर्टल व लापरवाही से लाखों युवाओं का सरकारी नौकरी पाने का सपना चकनाचूर हो गया है। एचएसएससी द्वारा सीईटी व अन्य भर्तियों में प्रमाण पत्रों की अनिवार्यता के चलते युवा परेशान हैं, लेकिन सरकार तकनीकी व्यवस्थाएं सुधारने में पूरी तरह नाकाम रही है।

BJP और HSSC दोनों बेरोजगार युवाओं के भविष्य को गंभीरता से नहीं ले रहे 

सोशल मीडिया पर सरकार द्वारा सीईटी की अंतिम तिथि बढ़ाने का फर्जी मैसेज वायरल होने से भी युवाओं में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। सरकारी तंत्र की इस अव्यवस्था ने यह स्पष्ट कर दिया है कि बीजेपी सरकार और एचएसएससी दोनों ही बेरोजगार युवाओं के भविष्य को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। बार-बार तकनीकी दिक्कतों और अस्पष्ट निर्देशों के कारण उम्मीदवार मानसिक दबाव में हैं जबकि प्रशासन तमाशबीन बना हुआ है।